श्री बदरीनाथ-केदारनाथ धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब…अब तक 17.51 से अधिक लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

देहरादून। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि श्री बदरीनाथ एवं श्री केदारनाथ यात्रा सुचारू रूप से संचालित हो रही है। उन्होंने बताया कि मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए प्रशासन द्वारा केदारनाथ यात्रा के कुछ पड़ावों पर कुछ समय के लिए यात्रा रोकी जा रही है लेकिन यात्रा पर स्थायी रोक नहीं लगी है मौसम अनुकूल होते ही यात्रा को पुनः सामान्य रूप से संचालित किया जा रहा है‌।

हेमंत द्विवेदी ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज के दिशा-निर्देशन में चारधाम यात्रा सरल एवं सुगमता के साथ आगे बढ़ रही है। शासन, प्रशासन तथा संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि 30 मई तक कुल 17,51,780 ( सत्रह लाख इक्यावन हजार सात सौ अस्सी) तीर्थयात्री श्री बदरीनाथ धाम एवं श्री केदारनाथ धाम के दर्शन कर चुके हैं। इनमें 10,00,497 ( दस लाख चार सौ सत्तानबे)श्रद्धालुओं ने श्री केदारनाथ धाम तथा 7,51,283 ( सात लाख इक्यावन हजार दो सौ तिरासी) श्रद्धालुओं ने श्री बदरीनाथ धाम के दर्शन किए हैं। यह संख्या इस वर्ष की यात्रा में एक रिकार्ड उपलब्धि है।
बीकेटीसी अध्यक्ष ने कहा कि शासन-प्रशासन के सहयोग, बेहतर प्रबंधन तथा सभी संबंधित एजेंसियों के समन्वय से तीर्थयात्रा लगातार सरल, सुरक्षित और सुगमता के साथ संचालित हो रही है। उन्होंने श्रद्धालुओं से मौसम संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए यात्रा करने की अपील भी की।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *