देहरादून। बसंत विहार क्षेत्र में देर रात हरबंसवाला बैरियर पर सघन चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। बिना नंबर प्लेट की स्कूटी पर सवार बदमाश को पुलिस टीम ने रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह चेकिंग प्वाइंट से टी-स्टेट की ओर भाग निकला। पुलिस ने पीछा किया तो बदमाश ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली बदमाश के पैर में लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, देर रात हरबंसवाला बैरियर पर चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की नीले रंग की एक्टिवा स्कूटी को रोका गया। चालक ने रुकने के बजाय स्कूटी को तेज गति से टी-स्टेट की ओर दौड़ा दिया। पुलिस टीम ने पीछा किया तो बदमाश ने पुलिसकर्मियों पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लगी। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का निरीक्षण किया। घायल बदमाश को पहले प्रेमनगर चिकित्सालय ले जाया गया, जहां से उसे उच्च उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया। अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर भी घटना की जानकारी ली।पुलिस ने घायल बदमाश की पहचान आकाश उर्फ तमंचा पुत्र जगदीश लाल, निवासी शिवाजी एन्क्लेव, जैन प्लॉट, थाना रायपुर, देहरादून के रूप में की है। उसकी उम्र 27 वर्ष बताई गई है। पुलिस के मुताबिक, आकाश 14 अगस्त को बसंत विहार क्षेत्र में वृद्ध महिला से हुई चेन स्नैचिंग की वारदात में वांछित था। मुठभेड़ के बाद उसके कब्जे से वारदात में लूटी गई चेन भी बरामद कर ली गई।
पुलिस ने मौके से एक देशी तमंचा .315 बोर, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की नीले रंग की एक्टिवा स्कूटी बरामद की है। प्रारंभिक जांच में स्कूटी के कोतवाली नगर क्षेत्र से चोरी होने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद एफएसएल टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार घायल बदमाश आकाश उर्फ तमंचा शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ विभिन्न थानों में एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास और अन्य घटनाओं में संभावित संलिप्तता की जांच कर रही है।