हुड़दंगियों को पुलिस ने पढ़ाया कानून का पाठ, अलग-अलग कारवाई में 6 युवक गिरफ्तार

देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत दून पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग, मारपीट और शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 सहित अन्य प्रावधानों के तहत कार्रवाई की है।

एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में शराब पीकर हुड़दंग करने, लड़ाई-झगड़ा कर कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसके अनुपालन में जिलेभर में पुलिस लगातार गश्त और चेकिंग अभियान चला रही है।

मसूरी में युवक गिरफ्तार, वाहन भी सीज

29 जून को कंट्रोल रूम 112 के माध्यम से सूचना मिली कि मसूरी स्थित बाटा शोरूम के पास कुछ लोग सार्वजनिक स्थान पर अभद्र व्यवहार करते हुए मारपीट कर रहे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से नीरज राघव (36), निवासी गुरुग्राम, हरियाणा को हिरासत में लिया। चिकित्सीय परीक्षण के बाद उसे बीएनएसएस की धारा 170 के तहत गिरफ्तार किया गया। साथ ही उसके वाहन को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया।

दुकान लगाने को लेकर विवाद, पांच गिरफ्तार

ऋषिकेश के आईडीपीएल हाट बाजार में दुकान लगाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद और मारपीट की सूचना पर पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। पुलिस ने शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास कर रहे रवि, आशु, अरुण, अंकित और साहिल को बीएनएसएस की धारा 170(1), 126 और 135 के तहत गिरफ्तार किया। पुलिस ने कहा कि ऑपरेशन प्रहार के तहत सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग, मारपीट और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे तत्वों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *