- 11 में से 10 जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर भाजपा प्रत्याशियों की जीत
- देहरादून जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर कांग्रेस का कब्जा
देहरादून। उत्तराखंड के पंचायत चुनावों में भाजपा को प्रचंड जीत मिली है। प्रदेश के 11 में से 10 जनपदों में जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर भाजपा प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की। कांग्रेस के खाते में सिर्फ देहरादून जिला पंचायत अध्यक्ष की सीट आई है।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने पंचायत चुनावों में जीत को पीएम मोदी के मार्गदर्शन और सीएम धामी के नेतृत्व की जीत बताया है। उन्होंने कहा कि पंचायत की ये जीत 27 के चुनावों में ट्रिपल इंजन की हैट्रिक लगाने में कारगर साबित होगी। उन्होंने सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों से अपनी जीत को शालीनता से स्वीकारने का आग्रह किया है।
श्री भट्ट ने कहा कि देवभूमि की जनता का विश्वास भाजपा के साथ है। भाजपा कार्यकर्ता 85 फ़ीसदी से अधिक प्रधान पदों पर निर्वाचित हुए हैं। इसी तरह ब्लॉक प्रमुख की 70 फ़ीसदी से अधिक सीटें भाजपा उम्मीदवारों ने जीती है। वहीं अब तक सामने आए 11 जिला पंचायत अध्यक्ष के नतीजे में 10 भाजपा के पक्ष में आए हैं। बम्पर जीत का दावा करने वाली कांग्रेस को जनता ने उसकी असलियत बता दी और उसका सूपड़ा साफ हो गया।
जिला पंचायत मे 4 अधिकृत प्रत्याशियों मे से उसे एक सीट मिली तो ब्लॉक मे 7 अधिकृत प्रत्याशियों मे उसके 3 जीत पाए। कांग्रेस का दुष्प्रचार काम नही आया और जनता ने उसे कड़ा सबक सिखा दिया।
उन्होंने इस प्रचंड जीत को कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत, प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विकास कार्यों और प्रधानमंत्री के राज्य के प्रति लगाव पर जनता का आशीर्वाद बताया। उन्होंने कहा कि पिछले त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में पार्टी 50 ब्लॉक प्रमुख सीटों पर विजयी हुए थे, जबकि इस बार 63 से अधिक प्रमुख हमारे बनने जा रहे हैं। प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि ग्राम प्रधान के 85 एवं ब्लॉक प्रमुख के 70 प्रतिशत पदों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जीत दर्ज की।
जिला पंचायत अध्यक्ष पर इनकी हुई ताजपोशी
टिहरी: इशिता सजवाण भाजपा
यूएस नगर: अजय मौर्य भाजपा
चंपावत: आनंद सिंह अधिकारी भाजपा
पिथौरागढ़: जितेंद्र प्रसाद भाजपा
उत्तरकाशी: रमेश चौहान भाजपा
चमोली: दौलत सिंह बिष्ट भाजपा
अल्मोड़ा: हेमा गैड़ा भाजपा
रुद्रप्रयाग: पूनम कठैत भाजपा
पौड़ी: रचना बुटोला भाजपा
बागेश्वर: शोभा आर्या भाजपा
देहरादून: सुखविंदर कौर कांग्रेस
(नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष पद के नतीजे आना शेष हैं, जबकि हरिद्वार जिले में पंचायत चुनाव नहीं हुए हैं।)
