आईसीसीसी में खामियां मिलने पर महापौर खफा

– महापौर ने आईसीसीसी का किया निरीक्षण

– व्यवस्थाओं में कमियाँ मिलने पर जताई नाराज़गी

देहरादून। शहर की स्वच्छता और तकनीकी निगरानी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से महापौर सौरभ थपलियाल ने नगर निगम स्थित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शहर में संचालित डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण वाहनों की गतिविधियों और उनके रूट कवरेज की विस्तार से समीक्षा की।

मॉनिटरिंग के दौरान पाया गया कि कुछ कूड़ा संग्रहण वाहनों की रूट कवरेज पोर्टल पर अपेक्षाकृत कम प्रदर्शित हो रही है। इस पर महापौर ने अधिकारियों से स्पष्टीकरण लेते हुए व्यवस्थाओं में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कूड़ा संग्रहण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने ICCC में लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से नगर निगम के विभिन्न प्लांटों की कार्यप्रणाली का भी अवलोकन किया। विशेष रूप से कर्गी मैकेनाइज्ड ट्रांसफर प्लांट और शीशमबाड़ा वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट में चल रहे कार्यों की स्थिति की जानकारी ली और वहां की व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

कुछ व्यवस्थाओं में कमियाँ पाए जाने पर महापौर सौरभ थपलियाल ने नाराज़गी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि ICCC शहर की निगरानी और संचालन का महत्वपूर्ण केंद्र है, इसलिए यहां तकनीकी व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत बनाया जाना आवश्यक है।

महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कमियों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द दूर किया जाए और निगरानी व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने कहा कि नगर निगम देहरादून को स्वच्छ और स्मार्ट शहर बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है और इसके लिए व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा व निरीक्षण जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *