– अन्नकूट पर्व पर दोपहर 12:05 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुई कपाट बंद होने की प्रक्रिया
उत्तरकाशी। विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री धाम के कपाट मंगलवार को अन्नकूट पर्व एवं गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दोपहर 12:05 बजे शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इसके साथ ही मां गंगा की उत्सव डोली अपने शीतकालीन प्रवास मुखबा (मुखीमठ) के लिए रवाना हो गई। मां गंगा की विदाई के इस भावुक और धार्मिक अवसर के साक्षी बनने के लिए गंगोत्री धाम में हजारों श्रद्धालु उमड़े। सेना के बैंड की मधुर धुनों और मां गंगा के जयकारों से पूरा धाम भक्तिमय हो उठा।
कपाट बंद होने के अवसर पर सुबह से ही मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला शुरू हो गया था। तीर्थ पुरोहितों ने मां गंगा की विशेष पूजा-अर्चना की। इस दौरान गंगा लहरी और गंगा सहस्रनाम का पाठ कर विश्व कल्याण एवं प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की गई। निर्धारित मुहूर्त में दोपहर 12:05 बजे विधिवत पूजा के बाद मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए।
सेना के बैंड की धुनों के बीच विदा हुई मां गंगा
कपाट बंद होने के बाद मां गंगा की उत्सव डोली पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मुखबा गांव के लिए रवाना हुई। डोली यात्रा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सेना के बैंड की मधुर धुनों और ‘जय मां गंगे’ के उद्घोष के बीच श्रद्धालुओं ने मां गंगा को भावपूर्ण विदाई दी। डोली का पहला रात्रि पड़ाव मार्कंडेय मंदिर में होगा। बुधवार को भैया दूज के पावन अवसर पर मां गंगा की उत्सव डोली मुखबा स्थित शीतकालीन प्रवास स्थल पहुंचेगी।
छह माह मायके में विराजेंगी मां गंगा
मुखबा पहुंचने पर ग्रामीण पारंपरिक रीति-रिवाजों और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ मां गंगा का स्वागत करेंगे। छह माह बाद मां गंगा के अपने मायके मुखबा लौटने को लेकर ग्रामीणों में विशेष उत्साह है। शीतकाल के दौरान श्रद्धालु मुखबा में ही मां गंगा के दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे। अगले वर्ष ग्रीष्मकाल में शुभ मुहूर्त के अनुसार गंगोत्री धाम के कपाट दोबारा श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे।