– परभक्षी कीटों पर शोध कार्य के लिए किया गया सम्मानित
देहरादून। डीएवी (पीजी) कालेज के जंतु विज्ञान विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डा. पुष्पेन्द्र कुमार शर्मा को एंटोमोलॉजिस्ट आफ द ईयर अवार्ड से सम्मानित किया गया है। उन्हें यह सम्मान एसएमजेएन (पीजी) कालेज, हरिद्वार में राष्ट्रीय जल संरक्षण विषय पर यूकोस्ट के सहयोग से आयोजित राष्ट्रीय सेमिनार में प्रदान किया गया।
डा. शर्मा को उक्त सम्मान परभक्षी कीटों की विविधता एवं उनके व्यवहार पर किए गए शोध कार्यों के लिए दिया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष डा. रविन्द्र पुरी महाराज, पद्मश्री कल्याण सिंह रावत और आइएईएस के अध्यक्ष प्रो. बीडी जोशी ने उन्हें सम्मानित किया। डा. पुष्पेन्द्र कुमार शर्मा के अब तक 76 शोध पत्र और बुक चैप्टर विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय जर्नल व पुस्तकों में प्रकाशित हो चुके हैं। उनकी 12 पुस्तकें भी प्रकाशित हो चुकी हैं। उनके निर्देशन में तीन शोधार्थी पीएचडी पूरी कर चुके हैं, जबकि दो शोधार्थी वर्तमान में शोध कार्य कर रहे हैं। वे 84 राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में प्रतिभाग कर चुके हैं और अब तक 17 पुरस्कार प्राप्त कर चुके हैं।
