– हिमालयन हेल्थकेयर इनोवेशन समिट का आयोजन
देहरादून। स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रोफेसर नितिका कौशल को हिमालयन हेल्थकेयर इनोवेशन समिट 2026 में प्रतिष्ठित “वुमेन इन हेल्थकेयर” सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं में उनके समर्पित कार्य, चिकित्सा शिक्षा को मजबूत करने और समाज में स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने के लिए प्रदान किया गया।
रास बिहारी बोस सुभारती यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर एवं डीन स्टूडेंट वेलफेयर के पद पर कार्यरत प्रो. नितिका कौशल को यह सम्मान वेलॉक्स मीडिया द्वारा हयात सेंट्रिक, देहरादून में आयोजित समिट के दौरान प्रदान किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड के माननीय राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। राज्यपाल ने अपने संबोधन में हिमालयी क्षेत्रों में निवारक स्वास्थ्य, सामुदायिक आधारित सेवाओं, आयुष्मान भारत योजना, एआई, टेलीमेडिसिन और पीपीपी मॉडल में जवाबदेही पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि ‘ट्रीटमेंट’ से पहले ‘हीलिंग’ पर फोकस जरूरी है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य पहुंच और मजबूत हो।
समिट में राज शेखर जोशी (उपाध्यक्ष, सेतु आयोग), डॉ. सुनीता टम्टा (महानिदेशक स्वास्थ्य सेवाएं, उत्तराखंड), डॉ. गीता खन्ना (अध्यक्ष, एससीपीसीआर) सहित कई वरिष्ठ विशेषज्ञ शामिल हुए।
प्रो. नितिका कौशल ने चिकित्सा शिक्षा में आधुनिक पद्धतियों को बढ़ावा देकर छात्रों के समग्र विकास और शैक्षणिक गुणवत्ता में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके नेतृत्व में स्वास्थ्य जागरूकता अभियानों ने समाज के विभिन्न वर्गों को लाभ पहुंचाया है। समिट में हिमालयी एवं पूर्वोत्तर राज्यों से आए 40 से अधिक विशेषज्ञों और 150 से ज्यादा प्रतिभागियों ने सार्वजनिक स्वास्थ्य, महिलाओं के स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य, डिजिटल हेल्थ और नवाचार जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कई अन्य व्यक्तियों एवं संस्थाओं को भी सम्मानित किया गया।
