देहरादून। ऑपरेशन प्रहार के तहत जनपद में चलाए जा रहे सघन रात्रि चेकिंग अभियान के दौरान विकासनगर में पुलिस को रोकने पर बेकाबू कार सवार युवकों ने ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी और एक स्थानीय व्यक्ति को टक्कर मार दी। घटना के बाद आरोपी कार समेत फरार हो गए, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि घायल चालक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, 7 अप्रैल की देर रात विकासनगर पुलिस डाकपत्थर तिराहे के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान हरबर्टपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही हरियाणा नंबर की संदिग्ध कार एचआर-87-पी-6040 को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक वाहन रोकने के बजाय तेज गति से पुल नंबर-1 की ओर भाग निकला। इसकी सूचना तत्काल कंट्रोल रूम के माध्यम से सभी चेक पोस्टों को प्रसारित कर दी गई। कुछ देर बाद सूचना मिली कि उक्त कार धनवंतरी चौक से कैनाल रोड की ओर जाने वाले मार्ग पर खड़ी है और कार सवार युवक वहां भी हंगामा कर रहे हैं।
सूचना पर थाना विकासनगर पुलिस मौके पर पहुंची और कार सवार युवकों से पूछताछ का प्रयास किया। इसी दौरान चालक ने कार को तेजी से बैक करते हुए सरकारी वाहन में टक्कर मार दी और मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी के ऊपर गाड़ी चढ़ा दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस बीच एक स्थानीय व्यक्ति ने भी आरोपियों को रोकने की कोशिश की, लेकिन कार सवार उसे भी टक्कर मारते हुए मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद घायल पुलिसकर्मी और स्थानीय व्यक्ति को तत्काल उपचार के लिए लेहमन अस्पताल, विकासनगर ले जाया गया। उधर फरार कार के संबंध में सूचना कंट्रोल रूम और व्हाट्सएप के माध्यम से पूरे जिले में प्रसारित की गई। बाद में पुलिस को सूचना मिली कि फरार कार देहरादून की ओर भागते हुए बल्लीवाला फ्लाईओवर के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। दुर्घटना में चालक घायल हो गया, जिसे पुलिस ने उपचार के लिए सुभारती अस्पताल में भर्ती कराया। मौके से एक अन्य युवक को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने बताया कि कार में सवार तीन अन्य युवक दुर्घटना के बाद मौके से भाग निकले थे।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तलाश अभियान चलाया और वाहन सवार कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपियों के मेडिकल परीक्षण में शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई है। पूछताछ में उन्होंने बताया कि घटना के बाद वे पुलिस चेकिंग से बचने के लिए मुख्य मार्ग छोड़कर गली-मोहल्लों के रास्तों से देहरादून की ओर भाग रहे थे। मामले में कोतवाली विकासनगर में मु0अ0सं0 107/2026 के तहत धारा 121(2), 132, 281 और 109(1) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।
