सलौंज/अल्मोड़ा। अल्मोड़ा जिले के सलौंज स्थित पीएम श्री शहीद कैप्टन बहादुर कैड़ा अटल उत्कर्ष गवर्नमेंट इंटर कॉलेज में आयोजित वार्षिकोत्सव एवं पुरातन छात्र सम्मेलन कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में प्रदेश की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं और छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई, जिसमें छात्र-छात्राओं ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। विद्यालय परिसर पूरे समय उत्साह और उमंग से भरा नजर आया। इस अवसर पर मंत्री रेखा आर्या ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा जीवन में सफलता की कुंजी है, लेकिन बेटियों की शिक्षा को विशेष महत्व दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षित बेटियां ही सशक्त समाज और मजबूत राष्ट्र की आधारशिला बनती हैं। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे शिक्षा प्राप्त कर समाज सेवा के कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाएं। महिला सशक्तिकरण पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा नारी शक्ति वंदन बिल पारित कर महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया गया है और इसे लागू करने की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने विद्यालय के विकास हेतु कई घोषणाएं भी कीं। उन्होंने 10,000 लीटर क्षमता के पेयजल टैंक निर्माण के लिए ₹3 लाख तथा 100 कुर्सियों व अन्य फर्नीचर की व्यवस्था के लिए ₹2 लाख विधायक निधि से देने की घोषणा की।
इस मौके पर सुंदर सिंह राणा, राजेंद्र कैड़ा, भुवन जोशी, कृष्णा भंडारी, सुनील कुमार, कृष्ण कुमार, भीमराम, उमा वर्मा, हेमा पांडे, कमल कैड़ा, अनिल राणा, विवेक, हिमांशु मैनाली, खड़क सिंह नेगी, दिलीप रौतेला, मोहन सिंह, बहादुर सिंह बिष्ट, पंकज बजेली, वंदना आर्या सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
