टिहरी में भीषण सड़क हादसा: गहरी खाई में गिरी मैक्स, 8 की मौत

– हरिद्वार से लौट रहे ग्रामीण हादसे का शिकार, दो घायल, सीएम ने जताया शोक

टिहरी। उत्तराखण्ड के टिहरी गढ़वाल जिले के चंबा क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चंबा-कोटी कॉलोनी मार्ग पर नैल के समीप एक मैक्स वाहन अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के वक्त वाहन में करीब 10 लोग सवार थे। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में जुट गए।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट के अनुसार इस हादसे में 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और State Disaster Response Force (SDRF) की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। अब तक दो घायलों को खाई से बाहर निकाला जा चुका है। इनमें उत्तम कुमार (लगभग 30 वर्ष) को हल्की चोटें आई हैं। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल भी मौके के लिए रवाना हो गई हैं। प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है और बचाव कार्य तेजी से जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन ऋषिकेश से घनसाली की ओर जा रहा था। वाहन में सवार सभी लोग घनसाली क्षेत्र के चांजी, ठेला और चकरेडा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं, जो हरिद्वार में एक अंतिम संस्कार में शामिल होकर वापस लौट रहे थे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घायलों को तत्काल और बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाए तथा राहत एवं बचाव कार्यों में कोई कमी न रहने दी जाए। साथ ही उन्होंने स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने के निर्देश भी दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *