टिहरी गढ़वाल। डोबरा-चाटी क्षेत्र में शुक्रवार शाम आए तेज आंधी-तूफान के चलते झील में बने फ्लोटिंग हटमेंट क्षतिग्रस्त होकर बह गए। घटना के दौरान वहां मौजूद करीब 25 से 30 लोगों के फंसने की सूचना मिलने पर SDRF ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। समय रहते हुए किए गए इस अभियान से बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, 02 मई की शाम लगभग 7:45 बजे आपदा कंट्रोल रूम, टिहरी गढ़वाल द्वारा SDRF को सूचना दी गई कि डोबरा-चाटी के पास झील में स्थित फ्लोटिंग हटमेंट तेज आंधी-तूफान की चपेट में आकर टूट गए हैं और कई लोगों के फंसे होने की आशंका है।सूचना मिलते ही SDRF पोस्ट कोटी कॉलोनी से उपनिरीक्षक नरेंद्र राणा के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम आवश्यक उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर टीम ने देखा कि तेज हवाओं और खराब मौसम के कारण हटमेंट बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर झील में बह गए थे। SDRF टीम ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया और पर्यटन विभाग की बोट की सहायता से फ्लोटिंग हटमेंट में फंसे करीब 25 से 30 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर कोटी कॉलोनी पहुंचाया। रेस्क्यू अभियान के दौरान SDRF जवानों ने विपरीत मौसम में भी साहस और तत्परता का परिचय दिया। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि सभी लोगों को सुरक्षित निकाल लिए जाने से स्थानीय प्रशासन और पर्यटकों ने राहत की सांस ली। SDRF की इस त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।
