– महिला सिंग, डबल और मिक्स डबल में रही उपविजेता
देहरादून। चंडीगढ़ में आयोजित 8वें सुदामा कप वेटरन्स बैडमिंटन टूर्नामेंट 2026 में एक बार फिर शटलर दादी निर्मला नेगी ने शानदार प्रदर्शन किया। निर्मला नेगी ने 65 प्लस आयु वर्ग में महिला सिंगल, महिला डबल और मिक्स डबल में रजत पदक हासिल किये।
बलूनी ग्रुप के एमडी विपिन बलूनी ने स्कूल परिसर में शटलर दादी का सम्मान किया। श्री बलूनी ने कहा कि शटलर दादी उत्तराखंड के वरिष्ठ नागरिकों के साथ युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत हैं कि उम्र के इस पड़ाव में भी खेलों के माध्यम से स्वस्थ रहा जा सकता है।
8वें सुदामा कप वेटरन्स बैडमिंटन टूर्नामेंट 2026 का आयोजन 25 अप्रैल से शुरू हुआ था जिसका उद्घाटन सांसद मनीष तिवारी ने किया। इस प्रतियोगिता में देशभर के वेटरन्स बैडमिंटन खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों में खेल भावना और फिटनेस को बढ़ावा देना है। निर्मला नेगी ने 65 प्लस एकल महिला वर्ग, महिला युगल और मिश्रित युगल में रजत पदक हासिल किया। गौरतलब है कि शटलर दादी इससे पहले भी योनेक्स सनराइज गोवा, कोलंबो, नेपाल समेत कई देशों में बैडमिंटन चैंपियनशिप में हिस्सा लेकर कई पदक जीत चुकी हैं।
