देहरादून। देहरादून पुलिस और उत्तराखंड एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा हुआ है। बसंत विहार क्षेत्र में किराये के फ्लैट से संचालित इस नेटवर्क से जुड़े पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच में गिरोह के संबंध दुबई से संचालित प्रतिबंधित महादेव एप और रेडीबुक बैटिंग एप से जुड़ते दिखाई दिए हैं।
पुलिस को सूचना मिली थी कि बसंत विहार इलाके में आईपीएल मैचों के दौरान बड़े स्तर पर ऑनलाइन सट्टेबाजी कराई जा रही है। इसके बाद देहरादून पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने ऋषि विहार कॉलोनी स्थित एक फ्लैट पर देर रात छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पांच युवक मोबाइल और लैपटॉप के जरिए ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर सट्टा संचालित करते पकड़े गए। छापेमारी में टीम ने मौके से 3 लैपटॉप, 17 मोबाइल फोन, 22 एटीएम कार्ड, इंटरनेट उपकरण और सट्टेबाजी से जुड़ा डिजिटल डेटा बरामद किया। आरोपियों के खिलाफ थाना बसंत विहार में जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे रेडीबुक बैटिंग एप के माध्यम से सट्टा चलाते थे। एप का एक्सेस और लॉगिन आईडी उन्हें सुमित यादव नाम के व्यक्ति से मिलता था, जो दिल्ली-गुरुग्राम क्षेत्र में रहकर नेटवर्क संचालित करता है। पुलिस के मुताबिक यह पूरा सिस्टम दुबई से कंट्रोल किया जा रहा था। आरोपी ग्राहकों को व्हाट्सएप ग्रुप और ऑनलाइन लिंक के जरिए जोड़ते थे तथा बैंक खातों में रकम जमा करवाकर आईपीएल मैचों पर दांव लगवाते थे। जांच में यह भी सामने आया है कि सुमित यादव पहले महादेव बैटिंग एप से भी जुड़ा रहा है। भारत में महादेव एप पर प्रतिबंध लगने के बाद उसने रेडीबुक बैटिंग एप के जरिए काम शुरू किया। पुलिस अब बरामद मोबाइल, लैपटॉप और बैंक खातों की जांच कर ऑनलाइन नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में छत्तीसगढ़ के सरगुजा निवासी सुनील शर्मा, संदीप गुप्ता, अकरंद शर्मा और अभिषेक शर्मा के अलावा बिहार के औरंगाबाद निवासी संदीप कुमार शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में जल्द ही कुछ और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
