-158वें दिन भी जारी नर्सिंग अभ्यर्थियों का आंदोलन
देहरादून। नर्सिंग भर्ती को लेकर आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों का आक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है। नर्सिंग एकता मंच उत्तराखंड के नेतृत्व में चल रहे धरना प्रदर्शन के 158वें दिन तथा लगातार 23 दिनों से जारी आमरण अनशन के बीच सरकार की ओर से कोई सकारात्मक कार्रवाई न होने पर अभ्यर्थियों ने परेड ग्राउंड स्थित पानी की टंकी पर चढ़कर विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे कई महीनों से शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया। आंदोलन में शामिल कई अभ्यर्थियों की तबीयत भी बिगड़ चुकी है, इसके बावजूद शासन-प्रशासन की ओर से गंभीर पहल नहीं की जा रही है। नर्सिंग अभ्यर्थियों ने कहा कि यदि सरकार जल्द उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लेती है तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका संघर्ष तब तक जारी रहेगा, जब तक भर्ती प्रक्रिया को नियमित और पारदर्शी नहीं बनाया जाता।अभ्यर्थियों की मुख्य मांग है कि नर्सिंग भर्ती नियमावली को स्थायी रूप से वर्षवार लागू किया जाए, जिससे हर साल नियमित भर्तियां सुनिश्चित हो सकें। साथ ही उन्होंने Indian Public Health Standards (IPHS) के मानकों के अनुरूप पूर्व की तरह 2000 पदों पर वर्षवार भर्ती प्रक्रिया दोबारा शुरू करने की मांग उठाई। आंदोलनकारियों का कहना है कि राज्य के सरकारी अस्पतालों में नर्सिंग स्टाफ की कमी लगातार बढ़ रही है, जिसका असर स्वास्थ्य सेवाओं पर भी पड़ रहा है। ऐसे में सरकार को जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू कर युवाओं को रोजगार और अस्पतालों को पर्याप्त स्टाफ उपलब्ध कराना चाहिए।
