ऑपरेशन प्रहार:  राजपुर हत्याकांड का खुलासा, पश्चिमी यूपी का शार्प शूटर राजन उर्फ जैकी गिरफ्तार

– संपत्ति विवाद में सौतेले भाई ने करवाई थी हत्या, 

– पश्चिमी यूपी का कुख्यात शूटर राजन उर्फ जैकी गिरफ्तार

देहरादून।  दून पुलिस ने करीब एक वर्ष पहले राजपुर क्षेत्र में हुए चर्चित अजय बटेजा हत्याकांड का खुलासा करते हुए पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुख्यात शार्प शूटर राजन उर्फ जैकी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार हत्या प्रॉपर्टी विवाद के चलते कराई गई थी और इसके पीछे मृतक के सौतेले भाई का हाथ सामने आया है।

जानकारी के अनुसार 26 मई 2025 को जाखन स्थित कृष्णा विहार में अजय बटेजा मृत अवस्था में मिले थे। मामले में थाना राजपुर में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान पुलिस को पश्चिमी यूपी के हिस्ट्रीशीटर अपराधी राजन उर्फ जैकी की संलिप्तता की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी को मुजफ्फरनगर क्षेत्र से हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मृतक अजय बटेजा और उसके सौतेले भाई अमित बटेजा के बीच लंबे समय से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। अमित बटेजा ने आरोपी राजन को अजय को रास्ते से हटाने के बदले संपत्ति में हिस्सा देने का लालच दिया था। योजना के तहत आरोपी अपनी प्रेमिका हुमेरा उर्फ जोया के साथ देहरादून पहुंचा और घटना को अंजाम दिया। बताया गया कि वारदात वाली रात आरोपी ने पहले अजय बटेजा को शराब पिलाई और बाद में तकिये से मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या को आत्महत्या दिखाने के लिए शव को पंखे से लटकाने का प्रयास भी किया गया, लेकिन आरोपी सफल नहीं हो सके। घटना के बाद आरोपी मौके से सीसीटीवी की डीवीआर लेकर फरार हो गया। पुलिस के अनुसार मामले में अमित बटेजा और हुमेरा उर्फ जोया अभी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपी पर सहारनपुर, शामली और आसपास के जिलों में हत्या, रंगदारी, लूट, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। घटना के सफल खुलासे पर पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल और एसएसपी देहरादून ने पुलिस टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *