ऋषिकेश। स्थित टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड ने ‘स्वच्छता पखवाड़ा–2026’ के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया है। 16 मई से 31 मई तक चल रहे इस अभियान के तहत निगम के सभी कार्यालयों, परियोजना स्थलों और इकाइयों में विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
टीएचडीसीआईएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक सिपन कुमार गर्ग ने कहा कि स्वच्छता पखवाड़ा का उद्देश्य स्वच्छता, साफ-सफाई, पर्यावरण जागरूकता और जनभागीदारी को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि यह अभियान स्वस्थ और स्वच्छ समाज के निर्माण के प्रति निगम की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक नीरज वर्मा ने ऋषिकेश स्थित कॉर्पोरेट कार्यालय में अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। अभियान के तहत ऋषिकेश के जानकी सेतु और त्रिवेणी घाट सहित कई सार्वजनिक स्थलों पर “स्वच्छ भारत, हरित भारत, स्वस्थ भारत” थीम पर नुक्कड़ नाटक आयोजित किए गए। वहीं टिहरी-गढ़वाल में नरेंद्र महिला विद्यालय की छात्राओं ने भी जागरूकता कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इसके अलावा झांसी, अमेलिया कोयला खदान परियोजना, टिहरी एचपीपी, कोटेश्वर, खुर्जा और अरुणाचल प्रदेश सहित विभिन्न परियोजना स्थलों पर स्वच्छता अभियान, चित्रकला प्रतियोगिता, निबंध लेखन, जागरूकता रैली और कार्यशालाओं का आयोजन किया गया। महिलाओं और छात्राओं के लिए मासिक धर्म स्वच्छता एवं स्वास्थ्य जागरूकता सत्र भी आयोजित किए गए, साथ ही सैनिटरी नैपकिन और बायोडिग्रेडेबल बैग वितरित किए गए।
टीएचडीसीआईएल ने कहा कि 31 मई तक चलने वाले इस अभियान के दौरान स्वच्छता और सामुदायिक सहभागिता से जुड़े कई और कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
