– डीएम ने की मानसून तैयारियों की समीक्षा
देहरादून। मानसून सीजन से पहले संभावित आपदाओं से निपटने की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सभी संबंधित विभागों को 7 जून तक प्राथमिकता वाले कार्य हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आपदा प्रबंधन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और विभागों के बीच समन्वय की कमी पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रविवार को आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने सड़क, विद्युत, पेयजल, सिंचाई, नगर निगम, पुलिस और अन्य रेखीय विभागों के अधिकारियों के साथ मानसून तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को टास्क फोर्स, कंट्रोल रूम और वार रूम स्थापित करने तथा जन शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री की अपेक्षाओं के अनुरूप सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय और सहयोग ही आपदा प्रबंधन की सफलता की कुंजी है। उन्होंने निर्देश दिए कि पर्याप्त मैनपावर और मशीनरी तैनात कर सड़कों पर चल रही जनहित परियोजनाओं के कार्य 7 जून तक पूरे किए जाएं। इसके बाद संबंधित सड़कों को लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित कर मरम्मत और पुनर्स्थापन कार्य शुरू किया जाए। उन्होंने मानसून से पूर्व नदियों, नहरों और बरसाती नालों के चैनलाइजेशन कार्य को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग, पीएमजीएसवाई और लोक निर्माण विभाग को सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने, नालियों और स्कवरों की नियमित सफाई तथा गुणवत्ता मानकों के अनुरूप निर्माण कार्य सुनिश्चित करने को कहा। जलभराव की आशंका वाले क्षेत्रों में क्यूआरटी (त्वरित प्रतिक्रिया दल) की निगरानी बढ़ाने तथा नदी किनारे बसे इलाकों, विकासनगर और ऋषिकेश जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में वाटर पंप के साथ टास्क फोर्स तैनात करने के निर्देश भी दिए गए। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस को प्रमुख चौराहों और क्रॉसिंग पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण की वास्तविक स्थिति का फीडबैक वह स्वयं शिकायतकर्ताओं से प्राप्त करेंगे। इसके लिए जिला स्तर पर कॉल ऑपरेटर की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता ओम पाल सिंह, सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता संजय रॉय सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
