‘स्क्रीन टाइम टू एक्टिविटी टाइम’, एबीवीपी ने की शैक्षिक सुधार व अर्बन माओवाद

‌- अभाविप की तीन दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद बैठक भुवनेश्वर में संपन्न

–  वंदे मातरम् के 150 वर्ष और राष्ट्रीय एकात्मता यात्रा के 60 वर्ष पर अभाविप चलाएगा देशव्यापी अभियान

भुवनेश्वर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद बैठक 29 से 31 मई के मध्य महाप्रभु जगन्नाथ की पावन भूमि भुवनेश्वर में संपन्न हुई, देशभर के 46 प्रांतों से कुल 400 से अधिक प्रतिनिधि कार्यकर्ताओं ने इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद बैठक में सहभाग किया। बैठक में ‘शैक्षिक सुधारों को परिणामकारी बनाने हेतु धरातल पर प्रभावी क्रियान्वयन आवश्यक’, ‘सशस्त्र माओवाद के समाप्तिकाल में शहरी माओवाद एक गंभीर चुनौती’, ‘संगठित आपराधिक एवं जिहादी मानसिकता से महिलाओं के शोषण तथा मतांतरण पर लगे लगाम’ एवं ‘वैश्विक अनिश्चितता के दौर में संयम एवं सजगता का सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प समय की मांग’ विषयक चार प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया है।

राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद बैठक के पूर्व 27 मई को आयोजित केंद्रीय कार्यसमिति बैठक में ‘लोकतांत्रिक मूल्यों की पुनर्स्थापना हेतु पश्चिम बंग के जनमानस का अभिनंदन’ विषयक अभिनंदन प्रस्ताव पारित किया गया था। वहीं, अभाविप ने बैठक के माध्यम से भारतीय उद्योग जगत से अनुसंधान एवं विकास में निवेश बढ़ाने का आह्वान किया है, जिससे विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने की दिशा में गति प्राप्त होगी।

राष्ट्रीय परिदृश्य, शिक्षा व्यवस्था, युवाओं की भूमिका, राष्ट्रीय सुरक्षा, सामाजिक-आर्थिक विषयों तथा समसामयिक चुनौतियों पर व्यापक विचार-विमर्श किया गया। साथ-ही, अखिल भारतीय विचार बैठक एवं संगठनात्मक विचार बैठक के निर्णयों की समीक्षा, अभियानात्मक, कार्यक्रमात्मक एवं संगठनात्मक कार्यों का मूल्यांकन तथा आगामी वर्ष की विस्तृत कार्ययोजना का भी निर्धारण किया गया। अन्तर्राज्यीय छात्र जीवन दर्शन (SEIL) की गौरवपूर्ण राष्ट्रीय एकात्मकता यात्रा के 60 वर्ष पूर्ण होने पर ‘SEIL@60’ कार्यक्रम सम्पूर्ण भारत में आयोजित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त ‘स्क्रीन टाइम टू एक्टिविटी टाइम’, ‘वंदे मातरम् के 150 वर्ष’, आपातकाल निषेध के 50 वर्ष, श्री गुरु तेगबहादुर बलिदान दिवस के 350 वर्ष तथा संत रविदास जी के 650वें प्राकट्योत्सव जैसे विभिन्न उपलक्ष्यों पर वर्षभर देशव्यापी अभियान चलाए जाएंगे।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि, “राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद बैठक में पारित प्रस्ताव केवल वर्तमान चुनौतियों पर अभाविप की प्रतिक्रिया नहीं हैं, बल्कि विकसित, सुरक्षित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण हेतु हमारी व्यापक दृष्टि को भी प्रतिबिंबित करते हैं। शिक्षा व्यवस्था को अधिक परिणामकारी एवं छात्र-केंद्रित बनाने, राष्ट्रीय सुरक्षा के समक्ष उपस्थित शहरी माओवाद जैसी चुनौतियों का प्रभावी समाधान करने, महिलाओं के विरुद्ध संगठित अपराध एवं मतांतरण के षड्यंत्रों पर अंकुश लगाने तथा वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच राष्ट्रहित सर्वोपरि रखने का सामूहिक संकल्प इस बैठक के माध्यम से व्यक्त हुआ है। भारत को वैश्विक नवाचार और ज्ञान आधारित अर्थव्यवस्था का नेतृत्वकर्ता बनाने के लिए युवा शक्ति, शिक्षण संस्थानों और उद्योग जगत के मध्य सशक्त समन्वय आवश्यक है। अभाविप ने बैठक के माध्यम से भारतीय उद्योग जगत से आह्वान किया है कि वह अनुसंधान एवं विकास में निवेश बढ़ाए तथा युवाओं और विश्वविद्यालयों के साथ दीर्घकालिक साझेदारी स्थापित करे। हमें विश्वास है कि भारत का युवा वर्ग अपनी प्रतिभा, नवाचार क्षमता और राष्ट्रीय चेतना के बल पर देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य करेगा तथा अभाविप की यह राष्ट्रीय कार्यकारी बैठक इस दिशा में सतत नेतृत्वकारी भूमिका निभाएगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *