देहरादून। विश्व साइकिल दिवस के उपलक्ष्य में हार्टफुलनेस नोएडा द्वारा क्राउन प्लाजा ग्रेटर नोएडा के सहयोग से 7 जून को ‘Pedal with Purpose’ नामक 5 किलोमीटर लंबी साइकिल रैली आयोजित की जाएगी। इस आयोजन में लगभग 100 प्रतिभागी हिस्सा लेंगे, जिनमें छपरौली गांव के 30 स्कूली बच्चे भी शामिल होंगे।
रैली का शुभारंभ सेक्टर-167 स्थित हार्टफुलनेस मेडिटेशन सेंटर से सुबह 6:30 बजे होगा। इसके बाद प्रतिभागियों के लिए सुबह 9 बजे सामूहिक ध्यान सत्र का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नोएडा प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक अनिल कुमार होंगे। इसके अलावा गांव के प्रधान, स्थानीय विद्यालय के प्रधानाचार्य तथा आयोजन के प्रायोजक भी उपस्थित रहेंगे। आयोजकों के अनुसार इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने, स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने तथा सामुदायिक सहभागिता को मजबूत बनाना है। यह कार्यक्रम ‘स्वच्छ छपरौली मंगरौली ग्राम अभियान’ से भी जुड़ा हुआ है, जिसके माध्यम से स्वच्छता, वृक्षारोपण, कचरा प्रबंधन, महिला सशक्तीकरण और ग्रामीण विकास जैसे विषयों पर कार्य किया जा रहा है। मुख्य अतिथि अनिल कुमार ने कहा कि यह आयोजन फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का एक प्रभावी माध्यम बनेगा। रैली में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को मेडल और प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। कार्यक्रम के प्रायोजकों में क्राउन प्लाजा, मायभारत, सलाम नमस्ते और सहज इंटरनेशनल एकेडमी शामिल हैं। हार्टफुलनेस का मानना है कि बाहरी स्वच्छता के साथ-साथ ध्यान और मानवीय मूल्यों के माध्यम से ‘आंतरिक स्वच्छता’ भी समाज में सकारात्मक परिवर्तन का आधार बन सकती है।
