18 हजार ट्रामाडोल कैप्सूल बरामदगी से जुड़ा कनेक्शन आया सामने, 3.9 किलोग्राम कोडीन सिरप और ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद
देहरादून/हरिद्वार। मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत उत्तराखंड एसटीएफ और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने हरिद्वार के कलियर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए कॉस्मेटिक की दुकान की आड़ में नशीली दवाओं की तस्करी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से वाणिज्यिक मात्रा में 3.9 किलोग्राम कोडीन सिरप और प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए गए हैं।
एसटीएफ के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अहतशाम उल हक, निवासी बुड्ढा हैदी, थाना पथरी (हरिद्वार) है, जो एहतिशाम कॉस्मेटिक जनरल स्टोर का संचालक है। जांच में उसका संबंध एसटीएफ द्वारा पूर्व में बरामद किए गए 18 हजार ट्रामाडोल कैप्सूल के मामले से भी सामने आया है। पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देश पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत एसटीएफ/एएनटीएफ की टीम ने ड्रग इंस्पेक्टर के साथ कलियर क्षेत्र में कई संदिग्ध ठिकानों और गोदामों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान कॉस्मेटिक स्टोर से भारी मात्रा में प्रतिबंधित कोडीन सिरप और ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए गए। बाद में आरोपी के अन्य संभावित ठिकानों पर भी दबिश देकर अतिरिक्त प्रतिबंधित दवाएं बरामद की गईं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी इन प्रतिबंधित दवाओं को बाजार मूल्य से कई गुना अधिक कीमत पर बेचकर अवैध मुनाफा कमा रहा था। एसटीएफ अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई चेन की भी जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी पहले भी एनडीपीएस एक्ट के दो मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ वर्ष 2019 में नशीली दवाओं की तस्करी के दो मुकदमे दर्ज हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह ने जनता से नशे से दूर रहने और नशा तस्करी की किसी भी सूचना को तत्काल पुलिस या एसटीएफ तक पहुंचाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत नशा तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।