वात्सल्य योजना के लाभार्थियों को बड़ी राहत, 4.39 करोड़ रुपये की सहायता राशि जारी देहरादून। मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के तहत

देहरादून। मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के तहत प्रदेश सरकार ने लाभार्थियों को तीन माह की सहायता राशि जारी कर दी है। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने मंगलवार को अपने कैंप कार्यालय से डीबीटी के माध्यम से 4 करोड़ 39 लाख रुपये से अधिक की धनराशि लाभार्थियों के खातों में हस्तांतरित की।

इस अवसर पर मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना की शुरुआत वर्ष 2020 में कोरोना महामारी के दौरान अपने अभिभावकों को खोने वाले बेसहारा बच्चों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई थी। योजना के तहत पात्र बच्चों को प्रतिमाह तीन हजार रुपये की सहायता राशि दी जाती है। उन्होंने बताया कि मार्च 2026 तक की सहायता राशि पहले ही जारी की जा चुकी थी। अब अप्रैल, मई और जून 2026 की धनराशि लाभार्थियों के खातों में भेजी गई है। अप्रैल माह में 4917 लाभार्थियों को 1 करोड़ 47 लाख 51 हजार रुपये, मई माह में 4879 लाभार्थियों को 1 करोड़ 46 लाख 37 हजार रुपये और जून माह में 4848 लाभार्थियों को 1 करोड़ 45 लाख 44 हजार रुपये की राशि जारी की गई है। मंत्री ने बताया कि योजना के अंतर्गत लाभार्थी के 21 वर्ष की आयु पूरी करने, बालिका लाभार्थी का विवाह होने अथवा लाभार्थी के सेवायोजित होने की स्थिति में सहायता समाप्त कर दी जाती है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के ऐसे बच्चों को आर्थिक संबल प्रदान करना है, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में अपने माता-पिता या अभिभावकों को खोया है। कार्यक्रम में निदेशक बंशीलाल राणा, सीपीओ अंजना गुप्ता सहित विभागीय अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *