जुए और ऑनलाइन सट्टेबाजी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पांच आरोपी गिरफ्तार

देहरादून। देहरादून पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत प्रेमनगर क्षेत्र में एक निजी मकान पर छापेमारी कर अवैध जुआ और ऑनलाइन सट्टेबाजी के अड्डे का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार करते हुए मौके से नकदी, मोबाइल फोन और ताश के पत्ते बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, कोतवाली प्रेमनगर को सूचना मिली थी कि त्यागी मार्केट स्थित एक मकान में लंबे समय से जुआ और ऑनलाइन सट्टे का खेल संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर गठित टीम ने देर रात छापा मारकर पांच आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया। छापेमारी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 55,690 रुपये नकद, सात मोबाइल फोन और 89 ताश के पत्ते बरामद हुए। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मकान का संचालक सुमित माकिन अपने घर में ताश के जरिए जुआ खिलाने के साथ-साथ मोबाइल एप के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा भी संचालित कर रहा था।पुलिस ने बताया कि जब्त किए गए मोबाइल फोनों की जांच में ऑनलाइन सट्टेबाजी से जुड़े एक बड़े नेटवर्क के संकेत मिले हैं। डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ कोतवाली प्रेमनगर में जुआ अधिनियम की धारा 3, 4 और 5 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चल रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत जनपद में अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान जारी है। पुलिस का कहना है कि जुआ, सट्टेबाजी और अन्य गैरकानूनी कारोबार में शामिल लोगों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *