सरस फूड फेस्टिवल में सजेगा देशभर के स्वाद और हुनर का रंग

– उत्तराखंड के 117 स्वयं सहायता समूहों को स्टॉल

देहरादून। रेंजर ग्राउंड में 5 से 11 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले सरस फूड फेस्टिवल-2026 में देशभर की महिलाओं के हुनर, स्वाद और स्थानीय उत्पादों का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं अपने पारंपरिक व्यंजनों, खाद्य उत्पादों, हस्तशिल्प और हथकरघा उत्पादों के साथ फेस्टिवल में पहुंचेंगी।

फेस्टिवल में उत्तराखंड के 117 स्वयं सहायता समूहों को अलग-अलग श्रेणियों में स्टॉल आवंटित किए गए हैं। वहीं, देहरादून की 30 से अधिक स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं भी अपने उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री करेंगी। इससे स्थानीय महिला उद्यमियों को सीधे ग्राहकों तक पहुंचने और अपने उत्पादों को व्यापक बाजार दिलाने का अवसर मिलेगा।

फूड से हैंडीक्राफ्ट तक दिखेगा हुनर

सरस फूड फेस्टिवल की नोडल अधिकारी अनीता पंवार ने बताया कि प्रतिभागी स्वयं सहायता समूहों को फूड आइटम्स, हैंडीक्राफ्ट, हैंडलूम और लाइव फूड के स्टॉल उपलब्ध कराए गए हैं। इन स्टॉलों पर देश के अलग-अलग हिस्सों के पारंपरिक स्वाद के साथ स्थानीय कला और शिल्प की झलक भी देखने को मिलेगी। उत्तराखंड के समूह अपने स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक व्यंजनों, हस्तशिल्प और अन्य तैयार उत्पादों का प्रदर्शन और बिक्री करेंगे। फेस्टिवल में आने वाले लोगों को एक ही परिसर में विभिन्न राज्यों के पारंपरिक खान-पान और उत्पादों का स्वाद और अनुभव लेने का अवसर मिलेगा।

महिलाओं को बाजार, उत्पादों को पहचान

फेस्टिवल का उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को बड़ा बाजार उपलब्ध कराना, उत्पादों की पहचान बढ़ाना और स्वरोजगार को मजबूत करना है। इसके साथ ही देश के विभिन्न राज्यों की पारंपरिक खान-पान, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों को एक साझा मंच उपलब्ध कराया जा रहा है। सरस फूड फेस्टिवल महिलाओं के हुनर को बाजार से जोड़ने के साथ-साथ स्थानीय उत्पादों और महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने का मंच भी बनेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *