उत्तराखंड में बारिश बनी आफत: चारधाम यात्रा दो दिन स्थगित, पुलिस-प्रशासन हाई अलर्ट पर

देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन के साथ चारधाम यात्रा पर भी असर डाला है। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने चारधाम यात्रा को अगले दो दिनों के लिए स्थगित कर दिया है। गढ़वाल मंडल प्रशासन का कहना है कि मौसम और सड़क मार्गों की स्थिति सामान्य होने के बाद ही यात्रा दोबारा शुरू करने का निर्णय लिया जाएगा।

लगातार बारिश के चलते पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और मार्ग अवरुद्ध होने का खतरा बढ़ गया है। चारधाम मार्गों की लगातार निगरानी की जा रही है और संबंधित विभागों को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।उधर, देहरादून जिले में भी पुलिस और प्रशासन हाई अलर्ट पर हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सभी थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों को संवेदनशील स्थानों पर तैनात किया गया है। नदी-नालों, जलभराव वाले इलाकों और संभावित खतरे वाले क्षेत्रों में लगातार गश्त की जा रही है। श्रीनगर बांध से पानी छोड़े जाने के बाद ऋषिकेश में गंगा का जलस्तर बढ़ने से प्रशासन ने गंगा घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। पुलिस लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों और श्रद्धालुओं को नदी किनारे न जाने की चेतावनी दे रही है। कई संवेदनशील क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भी भेजा गया है। प्रशासन ने प्रदेशवासियों और चारधाम यात्रियों से मौसम विभाग की चेतावनियों और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। साथ ही अनावश्यक यात्रा से बचने और खराब मौसम के दौरान नदी-नालों तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *