ढाई साल से भुगतान न होने पर ठेकेदारों का सब्र टूटा, राज्यव्यापी आंदोलन का दिया अल्टिमेटम 

देहरादून। जल जीवन मिशन के तहत पूर्ण और प्रगतिरत योजनाओं के लंबित भुगतान को लेकर देवभूमि जल शक्ति कांट्रेक्टर वेलफेयर एसोसिएशन ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सहारनपुर रोड स्थित एक होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में संगठन ने कहा कि ठेकेदारों के करीब ढाई वर्षों से वैध देयक लंबित हैं, जिससे उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री से तत्काल हस्तक्षेप कर लंबित भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो ठेकेदार राज्यव्यापी आंदोलन शुरू करने को मजबूर होंगे।

एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित अग्रवाल ने कहा कि ‘हर घर नल से जल’ प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना है और उत्तराखंड में इसके तहत 92.46 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। कुल 16,555 योजनाओं में से 15,540 योजनाएं पूरी हो चुकी हैं और 14.48 लाख परिवारों में से 14.20 लाख परिवारों को पेयजल कनेक्शन दिए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि में ठेकेदारों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है, लेकिन उन्हें उनके काम का भुगतान समय पर नहीं मिल रहा है। अग्रवाल ने कहा कि ठेकेदारों ने बैंक ऋण, निजी पूंजी और बाजार से उधार लेकर सामग्री, मजदूरी, मशीनरी और परिवहन का खर्च उठाया। अब बैंक ब्याज, श्रमिकों की मजदूरी और आपूर्तिकर्ताओं की देनदारियों का बोझ लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सरकार ठेकेदारों से समय पर काम पूरा कराने की अपेक्षा करती है तो उनके वैध भुगतानों के लिए वर्षों तक इंतजार क्यों कराया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि कई योजनाओं में देरी वन विभाग की अनुमति, रेलवे अनुमति, भूमि विवाद और विभागीय स्वीकृतियों जैसे ठेकेदारों के नियंत्रण से बाहर के कारणों से भी होती है। ऐसे मामलों में बिना निष्पक्ष जांच के दंडात्मक कार्रवाई उचित नहीं है। अमित अग्रवाल ने कहा कि कई राज्यों में ठेकेदार सड़कों पर उतरकर विरोध कर रहे हैं, जबकि उत्तराखंड में ठेकेदारों ने अब तक संयम बनाए रखा है। संगठन मुख्यमंत्री से कई बार मिलने का अनुरोध कर चुका है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने मुख्यमंत्री से लंबित भुगतानों की समयबद्ध समीक्षा और तत्काल भुगतान की व्यवस्था करने की मांग की।

इस मौके पर  जितेंद्र मलिक, गौरव गोयल, रजत सिंघल, आशुतोष सक्सेना, ध्रुव जोशी, जगजीत, मनोज भारद्वाज, सुनील गुप्ता, सचिन मित्तल, सुनील प्रकाश मित्तल, अंकित सलार, शुभम तोमर, संदीप मित्तल समेत अन्य ठेकेदार मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *