एंथे-2026 लॉन्च, छात्रों को अपनी क्षमता पहचानने और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मिलेगी नई दिशा

देहरादून। आकाश एजुकेशनल सर्विसेज लिमिटेड (एईएसएल) ने देश के प्रमुख छात्र प्रतिभा खोज एवं मूल्यांकन कार्यक्रम आकाश नेशनल टैलेंट हंट एग्जाम (एंथे)-2026 का शुभारंभ किया है। पिछले 16 वर्षों में एक करोड़ से अधिक छात्रों के पंजीकरण के साथ एंथे देश के बड़े छात्र मूल्यांकन प्लेटफॉर्म में शामिल हो चुका है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी शैक्षणिक क्षमता, मजबूतियों और सुधार की जरूरत वाले क्षेत्रों को पहचानने के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी में मदद करना है।

एंथे को केवल अंक या रैंक आधारित परीक्षा के बजाय वैज्ञानिक और व्यापक मूल्यांकन के रूप में तैयार किया गया है। परीक्षा के प्रश्नों को संबंधित अवधारणाओं और दक्षताओं से जोड़ा गया है, जिससे विषय ज्ञान के साथ विद्यार्थियों की तार्किक क्षमता, विश्लेषणात्मक सोच और परीक्षा के दौरान व्यवहार का भी आकलन किया जा सके। एंथे की उपयोगिता इसके परिणामों से भी सामने आती है। नीट-यूजी 2026 के शीर्ष 100 में स्थान बनाने वाले आकाश के 41 विद्यार्थियों में 31 पहले एंथे में क्वालीफाई कर चुके थे। वहीं जेईई एडवांस्ड 2026 के शीर्ष 100 में शामिल आकाश के 11 विद्यार्थियों में सात एंथे से जुड़े रहे हैं।

एईएसएल के एमडी एवं सीईओ चंद्र शेखर गरिसा रेड्डी ने कहा कि एंथे का उद्देश्य केवल छात्र को छात्रवृत्ति देना नहीं, बल्कि उसे अपनी वर्तमान शैक्षणिक स्थिति समझने और भविष्य की तैयारी के लिए सही दिशा चुनने में मदद करना है। एंथे में शामिल प्रत्येक छात्र को विस्तृत ‘एंथे इंटेलिजेंस रिपोर्ट’ मिलेगी। इसमें विषयवार प्रदर्शन के साथ कॉम्पिटिटिव एग्जाम सक्सेस पोटेंशियल, टेस्ट-टेकिंग पर्सनैलिटी और अटेम्प्ट इंटेलिजेंस कोशिएंट का विश्लेषण किया जाएगा। कक्षा पांच से 12वीं तक के विद्यार्थी एंथे-2026 में शामिल हो सकते हैं। परीक्षा ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों में होगी। ऑनलाइन परीक्षा 27 अक्टूबर से 1 नवंबर तक, जबकि ऑफलाइन परीक्षा 11 अक्टूबर, 25 अक्टूबर और 1 नवंबर को आयोजित की जाएगी। पात्र छात्रों को 100 प्रतिशत तक छात्रवृत्ति और शीर्ष प्रदर्शन करने वालों को कुल 2.5 करोड़ रुपये तक के नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। पंजीकरण एंथे के आधिकारिक पोर्टल और देशभर के आकाश केंद्रों के माध्यम से किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *