एशियन फेंसिंग कप: एसबीपीएस के अक्षित आज तलवारबाजी में दिखाएंगे अपना जलवा 

– भारतीय टीम में चयन से एसबीपीएस में खुशी की लहर 

देहरादून। सिंगापुर में आयोजित एशियन फेंसिंग कप में देहरादून के युवा तलवारबाज अक्षित कुमार रविवार को भारतीय टीम की ओर से अपने अभियान की शुरुआत करेंगे। सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल (एसबीपीएस) फेंसिंग एकेडमी के खिलाड़ी अक्षित का चयन उनके लगातार शानदार प्रदर्शन के आधार पर भारतीय टीम में हुआ है। अंतरराष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करना अक्षित के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

एशियन फेंसिंग कप में चीन, हांगकांग, जापान, पाकिस्तान, श्रीलंका, नेपाल, सिंगापुर और कोरिया समेत कई एशियाई देशों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता शनिवार से शुरू हो चुकी है। अक्षित का पहला मुकाबला रविवार को होगा, जिसे लेकर स्कूल और उनके परिवार में खासा उत्साह है। अक्षित ने इससे पहले भी फेंसिंग में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। उन्होंने अंडर-14 वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया था, जबकि कैडेट वर्ग में आठवीं रैंक प्राप्त की। इन उपलब्धियों और निरंतर बेहतर प्रदर्शन के चलते उनका चयन एशियन फेंसिंग कप के लिए भारतीय टीम में किया गया। एसबीपीएस फेंसिंग एकेडमी के कोच प्रदीप कोठारी ने बताया कि अक्षित लंबे समय से प्रतियोगिताओं में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और रविवार को वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी चुनौती पेश करेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि अक्षित आत्मविश्वास के साथ मुकाबला करते हुए बेहतर परिणाम हासिल करेंगे।

बलूनी ग्रुप के एमडी विपिन बलूनी ने अक्षित को भारतीय टीम में चयन पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अक्षित ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर यह मुकाम हासिल किया है और उम्मीद जताई कि वह एशियाई देशों के मजबूत प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करेंगे। अक्षित के पिता ने भी बेटे के प्रदर्शन को लेकर उम्मीद जताते हुए कहा कि वह अंतरराष्ट्रीय मंच पर यादगार प्रदर्शन करेगा। स्कूल के प्रधानाचार्य पंकज नौटियाल ने भी अक्षित को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अक्षित के चयन से एसबीपीएस में खुशी का माहौल है। विद्यालय परिवार ने उम्मीद जताई कि वह अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन कर स्कूल, उत्तराखंड और देश का नाम रोशन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *