निष्पक्ष पत्रकारिता से मजबूत होगा लोकतंत्र, चौथे स्तंभ को संवैधानिक दर्जे की उठी मांग

रुड़की/झबरेड़ा। झबरेड़ा स्थित संजीवनी अस्पताल एवं कॉलेज परिसर में देवभूमि पत्रकार यूनियन (पंजीकृत) की हरिद्वार जिला इकाई की ओर से सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में प्रदेशभर से पहुंचे पत्रकारों और गणमान्य नागरिकों ने पत्रकारिता की भूमिका, पत्रकार हितों और वर्तमान दौर की चुनौतियों पर विचार रखे। वक्ताओं ने निष्पक्ष, निर्भीक और तथ्यपरक पत्रकारिता को लोकतंत्र की मजबूती के लिए जरूरी बताया।

मुख्य अतिथि एवं यूनियन के प्रदेश महासचिव डॉ. वी.डी. शर्मा ने कहा कि संस्था वर्ष 2016 में पंजीकृत होने के बाद उत्तराखंड के सभी जिलों में पत्रकारों के हितों के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि पत्रकारों के कल्याण के लिए ‘पत्रकार कल्याण कोष’ का गठन किया गया है। संगठन की ओर से पत्रकारों के अधिकारों से जुड़े मामलों में हाईकोर्ट तक कानूनी लड़ाई भी लड़ी गई है। डॉ. शर्मा ने कहा कि पत्रकारिता का मूल उद्देश्य जनहित के मुद्दों को सामने लाना और शासन-प्रशासन की कमियों को उजागर करना है। उन्होंने मीडिया को संवैधानिक दर्जा दिए जाने की मांग उठाते हुए कहा कि इस संबंध में जल्द राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा जाएगा। वरिष्ठ पत्रकार एवं अधिवक्ता गोपाल नारसन ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए पत्रकारों का एकजुट होना आवश्यक है। उन्होंने सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के बीच तथ्यों की पुष्टि के साथ सकारात्मक और जिम्मेदार पत्रकारिता करने पर जोर दिया। वक्ताओं ने ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत पत्रकारों की भूमिका की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि दूरदराज के क्षेत्रों से समाचार जुटाना कई बार चुनौतीपूर्ण और जोखिम भरा होता है। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख लक्सर डॉ. हर्ष दौलत, चौधरी सुभाष नंबरदार और झबरेड़ा प्रेस क्लब अध्यक्ष राजकुमार चौधरी सहित अन्य अतिथियों ने भी विचार रखे।

जिलाध्यक्ष दुष्यंत शर्मा के संचालन में हुए कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पत्रकारों को सम्मानित किया गया। इस दौरान एक बहुरंगी समाचार पत्र का विमोचन भी किया गया। सम्मेलन में रजत शर्मा, अनुज अवस्थी, दीपक गुलानी, अशोक पांडे, हरीश प्रजापति, डॉ. दिनेश त्रिपाठी, डॉ. राकेश त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में पत्रकार, शिक्षाविद और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *