छह साल की सह्याद्रि ने कराटे में जीता रजत पदक, छोटी उम्र में दिखाया बड़ा दम

देहरादून। छोटी उम्र, बड़ा हौसला और शानदार प्रदर्शन! सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल (एसबीपीएस) की यूकेजी की छात्रा सह्याद्रि नेगी ने कराटे चैंपियनशिप में रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। महज छह साल की उम्र में सह्याद्रि ने अपनी आयु वर्ग में दूसरा स्थान हासिल कर स्कूल और परिवार का नाम रोशन किया।

देहरादून में आयोजित इस प्रतियोगिता का आयोजन शॉटोकान कराटे-डू स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ देहरादून की ओर से किया गया था। चैंपियनशिप में देहरादून जनपद के विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। कड़े मुकाबलों के बीच सह्याद्रि ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया।

पहले भी जीत चुकी हैं कई पदक

सह्याद्रि की यह उपलब्धि इसलिए भी खास है, क्योंकि वह इससे पहले भी कराटे प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा साबित कर चुकी हैं। वह स्टेट कराटे चैंपियनशिप में कांस्य पदक, जबकि उत्तराखंड कराटे चैंपियनशिप और डिस्ट्रिक्ट कराटे चैंपियनशिप में रजत पदक जीत चुकी हैं। इतनी कम उम्र में लगातार पदक जीतना उनके समर्पण, अभ्यास और खेल के प्रति जुनून को दर्शाता है। सह्याद्रि कराटे के साथ-साथ फेंसिंग में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं।

विपिन बलूनी ने दी बधाई, बताया प्रेरणास्रोत

बलूनी ग्रुप के प्रबंध निदेशक विपिन बलूनी ने सह्याद्रि की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सह्याद्रि ने छोटी उम्र में बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा साबित की है। उनकी उपलब्धि दूसरे विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। सह्याद्रि नेगी की यह सफलता साबित करती है कि प्रतिभा उम्र की मोहताज नहीं होती। दृढ़ इच्छाशक्ति, मेहनत और सही मार्गदर्शन के दम पर छोटी उम्र में भी बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।

स्कूल ने प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का दोहराया संकल्प

स्कूल के प्रिंसिपल पंकज नौटियाल ने सह्याद्रि की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि इतनी कम उम्र में कराटे के साथ फेंसिंग में भी प्रतिभा दिखाना उनकी लगन और क्षमता को दर्शाता है। सही मार्गदर्शन, निरंतर अभ्यास और मेहनत से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि स्कूल प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *