साइबर ठगों पर उत्तराखंड STF का शिकंजा, 15 दिन में 1.98 करोड़ रुपये होल्ड

देहरादून। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (STF) साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। STF के अधीन संचालित साइबर हेल्पलाइन 1930 कंट्रोल रूम ने 1 से 15 अक्टूबर के बीच साइबर ठगी के मामलों में करीब 1.98 करोड़ रुपये की धनराशि होल्ड कराई है। संबंधित बैंकों के नोडल अधिकारियों से समन्वय कर की गई त्वरित कार्रवाई से पीड़ितों की रकम को आगे दूसरे खातों में ट्रांसफर होने से रोकने में मदद मिली है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, STF उत्तराखंड के निर्देश पर साइबर ठगी की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है। हाल के मामलों में APK फाइल डाउनलोड करने, फेसबुक अपडेट नोटिफिकेशन लिंक और फोन अपडेट लिंक के जरिए लोगों को निशाना बनाए जाने की जानकारी सामने आई है।

छह लाख से अधिक की ठगी, पूरी रकम होल्ड

STF की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, देहरादून के पटेलनगर निवासी इरशाद के साथ 5.64 लाख रुपये की साइबर ठगी हुई। हेल्पलाइन 1930 की टीम ने संबंधित बैंक से समन्वय कर पूरी रकम होल्ड कराई। काशीपुर निवासी आदेश गुप्ता की 6.30 लाख रुपये की शिकायत में भी पूरी धनराशि होल्ड कराए जाने की जानकारी दी गई है। रामनगर निवासी रितेश कुमार की शिकायत पर 81,998.21 रुपये की पूरी रकम होल्ड कराई गई। बनभूलपुरा निवासी मुजीरबुर्रहमान के मामले में 1,58,989 रुपये की पूरी धनराशि पर रोक लगाई गई। वहीं, ऋषिकेश निवासी काश्मी शर्मा की 1.54 लाख रुपये की शिकायत में 1,10,360.97 रुपये होल्ड कराए गए। नेहरू कॉलोनी निवासी मनोज नौटियाल की 4,42,710 रुपये की शिकायत में 3,88,987 रुपये होल्ड कराए गए। पंतनगर निवासी देव सिंह की शिकायत में 66,409.92 रुपये और खटीमा निवासी विवेक सिंह राणा की शिकायत में 1,32,532 रुपये होल्ड कराने में भी सफलता मिली। रामनगर निवासी नवीन चंद्र पांडे की 3,67,391 रुपये की शिकायत में 2,25,648.41 रुपये होल्ड कराए गए।

साइबर ठगी से बचने के लिए STF की अपील

STF ने आमजन से अपील की है कि अपना बैंक खाता कमीशन के लालच में किसी अन्य व्यक्ति को इस्तेमाल करने के लिए न दें। ATM कार्ड, OTP, PIN और UPI PIN किसी से साझा न करें। अनजान लिंक पर क्लिक करने या संदिग्ध APK फाइल डाउनलोड करने से बचें। पुलिस, CBI या ED का अधिकारी बनकर डिजिटल गिरफ्तारी की धमकी देने वालों से सतर्क रहें। निवेश में कम समय में अधिक मुनाफे या रकम दोगुनी करने के झांसे में न आएं। कस्टमर केयर नंबर खोजते समय संबंधित कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट से ही जानकारी लें।

ठगी होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करें  

समय पर शिकायत करने से ठगी की रकम होल्ड कराने की संभावना बढ़ सकती है। हालांकि, रकम होल्ड होने का अर्थ यह नहीं है कि वह पीड़ित को वापस मिल गई है; इसकी वापसी संबंधित जांच और बैंकिंग प्रक्रिया पर निर्भर करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *