बढ़ती उम्र में सेहत का कैसे रखें ख्याल? देहरादून में आयुर्वेद विशेषज्ञ ने बताए अहम उपाय

देहरादून। वरिष्ठ नागरिकों के बेहतर स्वास्थ्य, सक्रिय जीवनशैली और आयुर्वेदिक चिकित्सा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मोहकमपुर स्थित हिमालया संजीवनी आयुर्वेद ऑर्थो-न्यूरो हॉस्पिटल में विशेष गोष्ठी आयोजित की गई। हिमालया संजीवनी ट्रस्ट एवं हिमालयन अभ्युदय सामाजिक संस्थान, देहरादून के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में नवोदय विद्यालय समिति और भारत सरकार के शिक्षा विभाग के सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया।

गोष्ठी में आयुर्वेद, पंचकर्म चिकित्सा, हड्डियों एवं मांसपेशियों से संबंधित समस्याओं और वृद्धजन स्वास्थ्य पर विस्तार से चर्चा की गई।

पंचकर्म और स्वस्थ जीवनशैली पर जोर

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं भगवान श्री धन्वंतरि के चरणों में पुष्प अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर हिमालया संजीवनी ट्रस्ट की अध्यक्ष डॉ. प्रीति जोशी और हिमालयन अभ्युदय सामाजिक संस्थान के अध्यक्ष राकेश डोभाल ने अतिथियों का स्वागत किया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं आयुर्वेद-पंचकर्म विशेषज्ञ डॉ. दिनेश जोशी ने बढ़ती उम्र में होने वाली स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं, नसों, मांसपेशियों, हड्डियों और जोड़ों के दर्द पर अपने विचार रखे। उन्होंने आयुर्वेद एवं पंचकर्म चिकित्सा की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या, उचित व्यायाम और विशेषज्ञ की सलाह के अनुसार उपचार अपनाना स्वस्थ जीवनशैली के लिए महत्वपूर्ण है।

उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों में मस्कुलोस्केलेटल यानी हड्डियों, मांसपेशियों और जोड़ों से जुड़ी समस्याओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

शिक्षा जगत के वरिष्ठ अधिकारियों ने साझा किए अनुभव

गोष्ठी में पूर्व निदेशक एनएलआई श्री आर.पी. डोभाल, जयपुर संभाग के पूर्व उपायुक्त श्री वीरेंद्र सिंह गुसाईं, पूर्व सहायक आयुक्त श्री एस.सी. जोशी एवं श्री सुरेंद्र तिवारी, सहायक आयुक्त श्रीमती शेफाली, पूर्व प्राचार्य श्री जे.पी. बलोदी और श्री गोपाल सिंह तोमर सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में वरिष्ठ एवं वयोवृद्ध प्राचार्य श्री पी.डी. जोशी की गरिमामयी उपस्थिति विशेष आकर्षण रही। उपस्थित अतिथियों ने अपने अनुभव साझा किए और वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य, आयुर्वेदिक चिकित्सा तथा सामाजिक जागरूकता से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया।

वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संकल्प

कार्यक्रम के समापन पर डॉ. दिनेश जोशी और डॉ. प्रीति जोशी ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संस्थाओं का उद्देश्य आयुर्वेद, पंचकर्म और स्वास्थ्य जागरूकता के माध्यम से समाज को लाभान्वित करना तथा वरिष्ठ नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है।

गोष्ठी के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों के बेहतर स्वास्थ्य, सम्मानजनक जीवन और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया। आयोजकों ने समग्र स्वास्थ्य दृष्टिकोण और उचित चिकित्सकीय परामर्श के महत्व को रेखांकित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *