FDA का एक्शन: एडीज बेकरी से केक-क्रीम के सैंपल सील, तमटारा कैफे पर मुकदमा

देहरादून। दीपावली से पहले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने सख्ती बढ़ा दी है। बुधवार को देहरादून में चलाए गए जांच अभियान के दौरान एडीज बेकरी से हेज़लनट चॉकलेट केक और क्रीम के नमूने लिए गए, जबकि प्रिंसटिन ब्रांड के पैक्ड फूड सिरप का सैंपल भी सील कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया। वहीं, तमटारा कैफे की रसोई और स्टोर में गंदगी मिलने तथा विभागीय निर्देशों की कथित अनदेखी करने पर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की गई है।

आयुक्त विनय शंकर पांडे के निर्देश पर वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेश सिंह के नेतृत्व में टीम ने यमुना कॉलोनी क्षेत्र में निरीक्षण किया। चकराता रोड स्थित एडीज बेकरी की जांच के दौरान खाद्य पदार्थों के नमूने लेने के साथ पानी की जांच रिपोर्ट और कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस संबंधी दस्तावेज भी मांगे गए। विभाग के अनुसार, ये दस्तावेज मौके पर उपलब्ध नहीं मिले। नमूनों को खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेज दिया गया है। रिपोर्ट में खाद्य पदार्थ अधोमानक या असुरक्षित पाए जाने पर संबंधित कारोबारी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उधर, तमटारा कैफे की रसोई और स्टोर में गंदगी मिलने के मामले में विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। विभाग के मुताबिक, प्रतिष्ठान को स्वच्छता व्यवस्था में सुधार होने तक रसोई का संचालन स्थगित रखने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन कथित तौर पर इनका पालन नहीं किया गया। इसके बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 55 और 58 के तहत वाद दायर करने की स्वीकृति दी गई है। विभाग अगले कार्यदिवस में न्याय निर्णायक अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी, देहरादून के न्यायालय में मामला दायर करेगा। आयुक्त विनय शंकर पांडे ने कहा कि जनता को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता से समझौता करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *