देहरादून। ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए देहरादून जिला प्रशासन ने ‘रात्रि चौपाल’ की शुरुआत की है। पहली चौपाल विकासखंड रायपुर की ग्राम पंचायत थेवा, मालदेवता में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इसमें ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त सिंचाई नहर, टूटी पुलिया, जर्जर विद्यालय भवन, धान की फसल में रोग, जलभराव और पेयजल संकट जैसी समस्याएं उठाईं। सीडीओ ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। ग्रामीण विद्यालय में पेयजल समस्या के समाधान के लिए मौके पर ही बजट भी स्वीकृत किया गया।
चौपाल में ग्रामीण बच्चन सिंह कठैत ने सिंचाई नहर, पुलिया की मरम्मत और धान की फसल में रोग व खरपतवार से नुकसान का मुद्दा उठाया। इस पर सिंचाई और लोक निर्माण विभाग को नहर व पुलिया की मरम्मत के लिए कार्रवाई करने को कहा गया। कृषि विभाग को फसल में रोग और खरपतवार की जांच करने तथा नमूना पंतनगर भेजने के निर्देश दिए गए। विद्यालय के जर्जर भवन के संबंध में अधिकारियों ने बताया कि डीपीआर तैयार है और धनराशि मिलने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। वहीं, सड़क निर्माण के कारण जल निकासी बाधित होने की शिकायत पर सिंचाई और लोक निर्माण विभाग को समन्वय से समाधान करने के निर्देश दिए गए। पेयजल लाइन में रिसाव की समस्या पर जल संस्थान को तत्काल निरीक्षण करने को कहा गया। मालदेवता के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के उच्चीकरण का प्रस्ताव भी चौपाल में रखा गया। सीडीओ ने स्वास्थ्य केंद्र में रेबीज के इंजेक्शन उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। चौपाल से पहले सीडीओ ने आंगनबाड़ी केंद्र, राशन की दुकान और निर्माणाधीन पशु केंद्र का निरीक्षण किया। कार्यक्रम में किसानों को बीज वितरित किए गए तथा स्वच्छता और मतदाता जागरूकता पर भी जानकारी दी गई। प्रशासन के अनुसार, रात्रि चौपाल के माध्यम से गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पेयजल, रोजगार और स्वरोजगार से जुड़ी समस्याओं पर सीधा संवाद कर उनके समाधान में तेजी लाई जाएगी।