– समृद्धि गोदियाल ने 65 से 70 किलोग्राम भार वर्ग में जीता गोल्ड मेडल
– चार खिलाड़ियों ने रजत पदक जीतकर बढ़ाया स्कूल का गौरव
देहरादून। रामनगर में आयोजित उत्तराखंड राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर स्कूल का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में स्कूल के छह खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें पांच खिलाड़ियों ने पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। खिलाड़ियों ने एक स्वर्ण और चार रजत पदक अपने नाम किए।
रामनगर में आयोजित यूथ बालक-बालिका एवं एलीट (सीनियर) महिला वर्ग की इस प्रतियोगिता में 11वीं की छात्रा समृद्धि गोदियाल ने 65 से 70 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर स्कूल को बड़ी सफलता दिलाई। वहीं, यूथ बालिका वर्ग में 60 से 65 किलोग्राम भार वर्ग में मुस्कान बिष्ट और 80 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में कक्षा 12 की छात्रा तृप्ति ने रजत पदक हासिल किया। यूथ बालक वर्ग में कक्षा 11 के कृष्णा नेगी ने 70 से 75 किलोग्राम भार वर्ग और प्रिंस चंद ने 90 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। यूथ बालक वर्ग में कक्षा 11 के कृष्णा नेगी ने 70 से 75 किलोग्राम भार वर्ग और प्रिंस चंद ने 90 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के लिए इन खिलाड़ियों का चयन तीन नवंबर को देहरादून के परेड मैदान स्थित बॉक्सिंग हॉल में आयोजित जिला स्तरीय चयन प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर किया गया था। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों और खेल संस्थानों की टीमों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।
स्कूल के प्रबंध निदेशक विपिन बलूनी और प्रधानाचार्य पंकज नौटियाल ने पदक विजेता खिलाड़ियों के साथ बॉक्सिंग अकादमी के प्रशिक्षक प्रदीप कुमार ऐरी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की यह सफलता कठिन परिश्रम, अनुशासन और नियमित अभ्यास का परिणाम है। स्कूल प्रबंधन ने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्तराखंड का नाम रोशन करेंगे।