जेनी प्रकरण पर भाजपा का कांग्रेस पर वार, चौहान बोले- मातृशक्ति का सम्मान राजनीतिक खेल नहीं

देहरादून। जेनी प्रकरण को लेकर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत के बयान पर पलटवार करते हुए भाजपा ने कांग्रेस पर महिला सम्मान के मुद्दे पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि मातृशक्ति का मुद्दा राजनीतिक खेल की पिच नहीं, बल्कि आदर, सम्मान और न्याय से जुड़ा गंभीर विषय है। किसी महिला उत्पीड़न के मामले को राजनीतिक हास्य या बयानबाजी का विषय बनाना अनुचित है।
चौहान ने हरक सिंह रावत के उस बयान पर भी सवाल उठाए, जिसमें उन्होंने महिला से जुड़े मामले को लेकर भाजपा के पिच पर खेलने जैसी टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष आखिर इस तरह की बयानबाजी से क्या साबित करना चाहते हैं। जब मामला एक पीड़ित महिला से जुड़ा है तो कानून को अपना काम करना चाहिए। ऐसे संवेदनशील विषय को राजनीतिक रंग देकर भाजपा पर आरोप लगाने का कोई औचित्य नहीं है।

भाजपा मीडिया प्रभारी ने कहा कि कांग्रेस विकास के मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय दुष्प्रचार की राजनीति कर रही है। पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर आरोप लगाने से पहले अपने राजनीतिक जीवन और उससे जुड़े विवादों पर भी जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिला सम्मान और नैतिकता की बात करने वालों को अपने आचरण पर भी विचार करना चाहिए। कांग्रेस नेता अपने ऊपर उठ रहे सवालों का जवाब देने के बजाय दूसरों पर आरोप लगाकर जिम्मेदारी से बचने का प्रयास कर रहे हैं।
हल्द्वानी की घटना का उल्लेख करते हुए चौहान ने कहा कि मामले में आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों में सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई कर रही है। उनके अनुसार, पहले की सरकारों के कार्यकाल में गंभीर घटनाओं में मुकदमे तक दर्ज नहीं होते थे, जबकि वर्तमान सरकार में शिकायतों पर कार्रवाई की जा रही है।
चौहान ने कांग्रेस को अपने शासनकाल में महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों का हिसाब देने की चुनौती देते हुए कहा कि राजनीतिक बयानबाजी और दुष्प्रचार से पुराने मामलों पर पर्दा नहीं डाला जा सकता। उन्होंने कहा कि महिला सम्मान जैसे गंभीर विषय पर राजनीति करने के बजाय सभी दलों को पीड़िताओं को न्याय दिलाने के लिए जिम्मेदारी से अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *