जौलजीबी प्रकरण पर भाजपा का कांग्रेस पर हमला, चौहान बोले- हरीश धामी ने तार-तार की लोकतांत्रिक मर्यादाएं

देहरादून। जौलजीबी मेले में कांग्रेस विधायक हरीश धामी के कथित अभद्र व्यवहार और बयानबाजी को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि सार्वजनिक मंच पर गाली-गलौज, तोड़फोड़ और खुद को सबसे बड़ा गुंडा बताने जैसी बातें किसी जनप्रतिनिधि को शोभा नहीं देतीं। उन्होंने हरीश धामी के आचरण को अमर्यादित बताते हुए कांग्रेस नेतृत्व पर अपने नेताओं को संरक्षण देने का आरोप लगाया।चौहान ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में हार की आशंका से कांग्रेस नेताओं में बौखलाहट दिखाई देने लगी है। जनता के मुद्दों पर सरकार को घेरने के बजाय कांग्रेस नेता अभद्र भाषा, व्यक्तिगत हमलों और हुड़दंग की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जौलजीबी मेले में माइक फेंकने, कुर्सियां उछालने और अधिकारियों के साथ कथित अभद्रता का मामला लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विपरीत है। नरबलि जैसी भयावह बात का वीडियो सामने आने को भी उन्होंने गंभीर बताते हुए जनप्रतिनिधियों की भाषा और आचरण पर सवाल उठाए।

भाजपा नेता ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी पार्टी नेताओं में अनुशासन बनाए रखने की होती है, लेकिन हरीश धामी के व्यवहार का बचाव करना दुर्भाग्यपूर्ण है। कांग्रेस नेतृत्व को स्पष्ट करना चाहिए कि क्या वह अपने विधायक के इस आचरण से सहमत है।
चौहान ने कांग्रेस नेताओं के पूर्व के विवादों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य से जुड़े हल्द्वानी के घटनाक्रम तथा अन्य नेताओं की बयानबाजी भी कांग्रेस की कार्यशैली पर सवाल खड़े करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के खिलाफ व्यक्तिगत टिप्पणियां करना कांग्रेस की मुद्दाविहीन राजनीति का प्रमाण है।
उन्होंने हरीश धामी के पुराने विवादों का जिक्र करते हुए कहा कि सरकारी कर्मचारियों से टकराव, आचार संहिता उल्लंघन और सार्वजनिक मंचों पर विवादों के मामले पहले भी सामने आते रहे हैं। चौहान ने कहा कि जनता ने विधायक को विकास और क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान के लिए चुना है, न कि दबंगई दिखाने के लिए। भाजपा ऐसे अमर्यादित आचरण का राजनीतिक स्तर पर जवाब देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *