जनकल्याणकारी योजनाओं से बदली वंचितों, बुजुर्गों और गरीबों की जिंदगी : चौहान

देहरादून। भाजपा ने प्रदेश सरकार के पांच साल के कार्यकाल को ‘समृद्ध उत्तराखंड से विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में समर्पित बताते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं को अपनी प्रमुख उपलब्धि बताया है। पार्टी का दावा है कि सरकार ने समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक बुनियादी सुविधाएं और सामाजिक सुरक्षा पहुंचाकर लाखों गरीबों, बुजुर्गों, दिव्यांगजनों, महिलाओं, श्रमिकों और युवाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।

भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने सरकार के रिपोर्ट कार्ड पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पांच साल का कार्यकाल सेवा, सुशासन और विकास का परिचायक रहा है। सरकार ने रोटी, कपड़ा, मकान, पानी और बिजली जैसी मूलभूत आवश्यकताओं को घर-घर तक पहुंचाने के लिए व्यापक स्तर पर काम किया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत एक लाख से अधिक घरों का निर्माण कर करीब चार लाख लोगों को पक्की छत उपलब्ध कराई गई। स्वच्छ भारत मिशन के तहत पांच लाख से अधिक शौचालयों के निर्माण से 17 लाख से अधिक लोगों को लाभ मिला।

चौहान ने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत 12 लाख से अधिक नल कनेक्शन देकर 40 लाख से ज्यादा लोगों को घरों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया गया। सौभाग्य योजना के माध्यम से दो लाख से अधिक बिजली कनेक्शन दिए गए, जिससे करीब आठ लाख लोगों के घर रोशन हुए। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत पांच लाख से अधिक एलपीजी कनेक्शन देकर 16 लाख से ज्यादा महिलाओं को चूल्हे के धुएं से राहत दिलाई गई। वहीं, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 60 लाख से अधिक लाभार्थियों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है।

उन्होंने स्वास्थ्य सुरक्षा और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को गरीब व बुजुर्गों के लिए बड़ा सहारा बताते हुए कहा कि अटल आयुष्मान योजना के तहत 63 लाख से अधिक लोगों को पांच लाख रुपये तक के मुफ्त उपचार की सुविधा मिली है। इनमें 17 लाख लोगों ने उपचार का लाभ लिया। 70 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों को आयुष्मान वय वंदन योजना के तहत स्वास्थ्य बीमा सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है।

चौहान के मुताबिक, बुजुर्ग पति-पत्नी दोनों को 1500-1500 रुपये मासिक पेंशन दी जा रही है। डीबीटी के माध्यम से नौ लाख से अधिक लाभार्थियों के खातों में हर महीने करीब 145 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए जा रहे हैं। दिव्यांगजनों को भी 1500 रुपये मासिक पेंशन दी जा रही है। जुलाई 2026 में 89,128 दिव्यांग लाभार्थियों को 13.36 करोड़ रुपये की सहायता दी गई। बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर, वॉकर, हियरिंग मशीन समेत सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए। बुजुर्ग कलाकारों और लेखकों की पेंशन भी तीन हजार से बढ़ाकर छह हजार रुपये की गई है।

उन्होंने कहा कि सरकार ने युवाओं, श्रमिकों और पारंपरिक कारीगरों को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए भी योजनाएं संचालित की हैं। प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत 40.91 लाख खाते खोलकर वंचित परिवारों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा गया। मुद्रा योजना में 36.87 लाख लाभार्थियों को ऋण और पीएम स्वनिधि के तहत 33 हजार रेहड़ी-पटरी कारोबारियों को बैंक ऋण उपलब्ध कराया गया। पीएम विश्वकर्मा योजना में 20 हजार से अधिक कारीगरों का पंजीकरण कर 12 हजार से अधिक को प्रशिक्षण, टूलकिट और ऋण वितरित किए गए। पिछले एक वर्ष में 24,323 श्रमिकों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत 93.06 करोड़ रुपये की सहायता दी गई। चौहान ने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाकर आत्मनिर्भर उत्तराखंड की मजबूत नींव तैयार करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *