देहरादून। एंटीबायोटिक दवाओं का अनावश्यक इस्तेमाल और चिकित्सकीय सलाह के बिना सेवन स्वास्थ्य के लिए गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। दवाओं के गलत उपयोग से रोगाणुओं में प्रतिरोधक क्षमता विकसित होने के कारण सामान्य संक्रमणों का उपचार भी मुश्किल हो सकता है। ऐसे में फार्मासिस्ट मरीजों को दवाओं के सुरक्षित, विवेकपूर्ण और जिम्मेदार उपयोग के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। यह बात राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने गुरुवार को विश्व फार्मासिस्ट दिवस एवं राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह-2026 के राज्यस्तरीय समारोह में कही। उन्होंने कहा कि फार्मासिस्ट स्वास्थ्य सेवाओं की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और मरीजों को दवाओं की सही जानकारी देना उपचार की गुणवत्ता तथा मरीजों की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है।
हिमालयन सांस्कृतिक केंद्र, गढ़ी कैंट में भारतीय फार्मेसी परिषद (पीसीआई), नई दिल्ली की ओर से आयोजित समारोह का विषय ‘स्वस्थ भारत : रोगाणुरोधी प्रतिरोध से मुकाबला’ रहा। राज्यपाल ने कहा कि एंटीबायोटिक दवाओं का बिना चिकित्सकीय सलाह सेवन करना, निर्धारित खुराक का पालन नहीं करना और उपचार की अवधि पूरी होने से पहले दवा बंद कर देना रोगाणुरोधी प्रतिरोध की समस्या को बढ़ाने वाले प्रमुख कारण हैं। इस चुनौती से निपटने के लिए चिकित्सकों, फार्मासिस्टों, स्वास्थ्यकर्मियों और आम नागरिकों को सामूहिक जिम्मेदारी निभानी होगी। अपने चिकित्सकीय जीवन के अनुभव साझा करते हुए राज्यपाल ने मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में सेवाएं देने का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण समाज में स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों और चिकित्सा सुविधाओं से जुड़ी चुनौतियों को करीब से समझने का अवसर मिला। इन अनुभवों से स्पष्ट हुआ कि प्रत्येक मरीज के लिए समय पर उपचार, सही दवा और उसके उपयोग की उचित जानकारी बेहद महत्वपूर्ण है।
राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, आयुष्मान आरोग्य मंदिर और प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि परियोजना जैसी पहल स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और गुणवत्ता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। जनऔषधि केंद्रों के माध्यम से आम लोगों को गुणवत्तापूर्ण जेनेरिक दवाएं किफायती दरों पर उपलब्ध हो रही हैं। उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में दूरस्थ क्षेत्रों तक आवश्यक दवाएं पहुंचाने, उनके सुरक्षित भंडारण और उचित उपयोग की जानकारी देने में फार्मासिस्टों की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रदेश की जैव विविधता तथा औषधीय एवं सुगंधित वनस्पतियों में फार्मेसी और औषधि अनुसंधान की संभावनाओं पर भी जोर दिया।
समारोह में उत्तराखंड सरकार के तकनीकी शिक्षा एवं उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत समापन सत्र के मुख्य अतिथि तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री सुबोध उनियाल विशिष्ट अतिथि रहे। राज्यस्तरीय आयोजन में प्रदेश के 80 फार्मेसी संस्थानों का प्रतिनिधित्व करने वाले करीब 1100 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। विशेषज्ञ व्याख्यान, पैनल चर्चा, साइ-टून प्रतियोगिता, पोस्टर प्रस्तुति और फार्मा क्विज के माध्यम से विद्यार्थियों को रोगाणुरोधी प्रतिरोध की चुनौती और दवाओं के जिम्मेदार उपयोग के प्रति जागरूक किया गया।
समारोह से पहले 31 अक्टूबर को राज्यभर में एएमआर जागरूकता अभियान चलाया गया। इसके तहत आयोजित रैली में 1500 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लेकर एंटीबायोटिक दवाओं के जिम्मेदार उपयोग का संदेश दिया। कार्यक्रम में वीएमएसबीयूटीयू देहरादून की कुलपति डॉ. तृप्ता ठाकुर, पीसीआई अध्यक्ष डॉ. मोंटू कुमार एम. पटेल, उपाध्यक्ष जशुभाई एच. चौधरी, केंद्रीय परिषद सदस्य बलदेव कुमार, डॉ. विभु साहनी, दिनेश कुमार मदान, डॉ. पद्म चरण बेहरा, डॉ. शिवानंद एम. पाटिल, उत्तराखंड फार्मेसी परिषद के रजिस्ट्रार केएस फर्शवान, श्री देव भूमि इंस्टीट्यूट के अध्यक्ष श्रीनिवास नौटियाल, अल्पाइन ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स के उपाध्यक्ष ईशांत सैनी और राज्य समन्वयक डॉ. कपिल कालरा समेत फार्मेसी क्षेत्र के विशेषज्ञ, शिक्षाविद, चिकित्सक, फार्मासिस्ट और विद्यार्थी मौजूद रहे।