देहरादून। राजधानी देहरादून में सार्वजनिक स्थानों पर खुलेआम शराब पीने वालों के खिलाफ दून पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। रायपुर थाना पुलिस ने मंगलवार को सघन चेकिंग अभियान चलाकर सड़क किनारे और वाहनों में बैठकर शराब पी रहे 17 लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस ने सभी के खिलाफ पुलिस एक्ट की धारा 81 के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए 4,250 रुपये का जुर्माना वसूला। साथ ही, भविष्य में ऐसी गतिविधियों में शामिल नहीं होने की सख्त हिदायत दी।
रिंग रोड से मालदेवता तक चला चेकिंग अभियान
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर थाना रायपुर पुलिस ने अपने क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने, हुड़दंग करने और कानून व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान रिंग रोड, किद्दूवाला, रायपुर बाजार, मालदेवता रोड और अन्य संवेदनशील व एकांत स्थानों पर चेकिंग की गई। पुलिस टीम ने सार्वजनिक स्थानों पर खुले में और वाहनों में बैठकर शराब पी रहे 17 लोगों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। यहां सभी के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
होटल और ढाबा संचालकों को भी चेतावनी
अभियान के दौरान पुलिस ने कई लोगों को मौके पर ही चेतावनी देकर भविष्य में सार्वजनिक स्थानों पर शराब नहीं पीने की हिदायत दी। इसके साथ ही होटल, ढाबा संचालकों और स्थानीय व्यापारियों को भी अपने प्रतिष्ठानों के आसपास सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को शराब नहीं पिलाने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाली गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी के निर्देश पर लगातार होगी कार्रवाई
एसएसपी देहरादून ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसे लोगों को चिह्नित कर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने, हुड़दंग करने और आम लोगों के लिए परेशानी पैदा करने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।