EDM 3.0: तकनीक, नवाचार और प्रतिभा से गुलजार हुआ उत्तरांचल विश्वविद्यालय परिसर

देहरादून। उत्तरांचल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (UIT) में सोमवार को दो दिवसीय EDM 3.0–इंजीनियर्स डे महोत्सव 2026 का भव्य आगाज हुआ। तकनीकी नवाचार, रचनात्मकता, प्रतिस्पर्धा और सांस्कृतिक रंगों से सजे इस आयोजन में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और तकनीकी दक्षता का शानदार प्रदर्शन किया। महोत्सव का उद्घाटन विश्वविद्यालय के प्रेसिडेंट जितेंद्र जोशी, प्रो वाइस प्रेसिडेंट अंकिता जोशी, वाइस चांसलर प्रो. (डॉ.) धर्म बुद्धि, प्रो वाइस चांसलर प्रो. (डॉ.) राजेश बहुगुणा, डायरेक्टर DRI प्रो. (डॉ.) राजेश सिंह, प्रो. (डॉ.) अनीता गेहलोत और UIT के डायरेक्टर प्रो. (डॉ.) सुमित चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर किया।
उद्घाटन अवसर पर जितेंद्र जोशी ने कहा कि विद्यार्थियों के तकनीकी ज्ञान और रचनात्मक विचारों को वास्तविक परिणामों में बदलने के लिए ऐसे मंच महत्वपूर्ण हैं। अंकिता जोशी ने नवाचार, सहयोग और अनुभवात्मक अधिगम को बढ़ावा देने पर जोर दिया। वाइस चांसलर प्रो. (डॉ.) धर्म बुद्धि ने कहा कि EDM जैसे आयोजन विद्यार्थियों को कक्षा की सीमाओं से बाहर निकलकर समस्या-समाधान, नेतृत्व और उद्यमशीलता की क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर देते हैं।
पहले दिन नौ प्रमुख प्रतियोगिताओं ने जमाया रंग। हैकाथॉन, रोबो सॉकर रेस, कुक विदाउट फायर, टेक्निकल क्विज, प्रोजेक्ट प्रेजेंटेशन, टेक्निकल पेपर प्रेजेंटेशन, BGMI, स्नैप सिंटैक्स और DSA जैसी प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इनमें हैकाथॉन सबसे बड़ा आकर्षण रहा, जिसमें करीब 360 विद्यार्थियों ने भाग लेकर रातभर टीमों में काम करते हुए नए और रचनात्मक समाधान विकसित किए।
EDM 3.0 को अंतर-संस्थागत स्वरूप भी मिला। दून यूनिवर्सिटी, UPES, SGRR, DIT, COER समेत विभिन्न संस्थानों के विद्यार्थियों ने महोत्सव में पंजीकरण कराया। आयोजकों के अनुसार विजेताओं को ₹50 हजार की नकद पुरस्कार राशि के साथ मेडल और ट्रॉफी प्रदान की जाएंगी। वहीं प्रतिभाशाली विद्यार्थी नवाचारों को ₹5 लाख तक की इनक्यूबेशन सहायता उपलब्ध कराने का प्रावधान है।
तकनीकी आयोजनों के साथ गणेश वंदना, गढ़वाली नृत्य, भांगड़ा और ओपन माइक ने माहौल को सांस्कृतिक रंगों से भर दिया।
दूसरे दिन दो मेगा इवेंट्स आकर्षण का केंद्र होंगे। “Curse of Pirates – The Treasure Hunt” में अब तक उत्तराखंड और अन्य राज्यों से 53 टीमों ने पंजीकरण कराया है। वहीं “The Spectrum” में गायन, नृत्य और मॉडलिंग प्रतियोगिताएं होंगी।
UIT के डायरेक्टर प्रो. (डॉ.) सुमित चौधरी ने विद्यार्थियों और शिक्षकों की भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि EDM 3.0 तकनीकी उत्कृष्टता, नवाचार, रचनात्मकता, सहयोग और नेतृत्व को एक मंच पर लाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *