Graphic Era में AI Tourism Hackathon शुरू, पर्यटन की समस्याओं के समाधान खोजेंगे छात्र

देहरादून। पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र की चुनौतियों का तकनीक आधारित समाधान खोजने के लिए ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी में 24 घंटे की ‘AI टूरिज्म हैकाथॉन’ शुरू हो गई है। इसमें छात्र आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से पर्यटन को सुरक्षित, सुविधाजनक और टिकाऊ बनाने के लिए नए समाधान विकसित करेंगे।

हैकाथॉन के उद्घाटन समारोह में ग्राफिक एरा के प्रो चांसलर डॉ. राकेश कुमार शर्मा ने कहा कि हिमालयी क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था में पर्यटन की अहम भूमिका है। यहां उपलब्ध प्राकृतिक संसाधनों का बेहतर उपयोग कर पर्यटन की संभावनाओं को साकार किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि AI के माध्यम से आपदाओं की पूर्व चेतावनी, आपदा प्रबंधन और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिल सकती है। इससे पहाड़ी क्षेत्रों में पर्यटन को नई दिशा दी जा सकती है।

हैकाथॉन में छात्र-छात्राएं पर्यटन क्षेत्र से जुड़ी कई व्यावहारिक समस्याओं के समाधान विकसित करेंगे। इनमें पर्यटन की मांग और पर्यटकों की संख्या का पूर्वानुमान लगाना, होटल एवं रेस्टोरेंट में खाद्य अपव्यय कम करना तथा ऊर्जा और जल संसाधनों का कुशल उपयोग सुनिश्चित करना शामिल है। इस दौरान प्रतिभागियों को एक्सटर्नल मेंटर्स के रूप में इंटीग्रेटेड मैरीटाइम एक्सचेंज के को-फाउंडर एवं सीटीओ विकास गडू और क्रॉब्सटेकल के फाउंडर एवं सीईओ अनमोल गोगिया का मार्गदर्शन मिलेगा। छात्र विशेषज्ञों की मदद से अपने विचारों को तकनीकी समाधानों के रूप में विकसित करेंगे।

हॉस्पिटैलिटी मैनेजमेंट विभाग और TBI का संयुक्त आयोजन

इस हैकाथॉन का आयोजन ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी के डिपार्टमेंट ऑफ हॉस्पिटैलिटी मैनेजमेंट और टेक्नोलॉजी बिजनेस इन्क्यूबेटर (TBI) ने संयुक्त रूप से किया है। इसका उद्देश्य पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए तकनीक, नवाचार और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग को प्रोत्साहित करना है।

कार्यक्रम में यूनिवर्सिटी के प्रो वाइस चांसलर डॉ. संतोष एस. सर्राफ, हॉस्पिटैलिटी मैनेजमेंट विभाग के प्रमुख डॉ. अमर डबराल, TBI की सीईओ सरिश्मा डांगी, मैनेजर हर्षवर्धन सिंह रावत, राकेश दानी और रवीश कुकरेती सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *