ग्राफिक एरा के AI-टूरिज्म हैकाथॉन में वर्क्स लोकली टीम अव्वल, तीन टीमों ने जीते नकद पुरस्कार

– 24 घंटे तक चली प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पेश किए तकनीकी समाधान

देहरादून। पर्यटन क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के इस्तेमाल से नए समाधान तलाशने के उद्देश्य से ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी में आयोजित 24 घंटे के AI-टूरिज्म हैकाथॉन में वर्क्स लोकली टीम ने पहला स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में वांडरर्स टीम दूसरे और कोडिंग निन्जाज टीम तीसरे स्थान पर रही। विजेता टीमों को नकद पुरस्कार प्रदान किए गए, जबकि टेक्नोट्रॉनिक्स टीम को बेस्ट पिच अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।

हैकाथॉन के समापन समारोह में मुख्य अतिथि उत्तराखंड पर्यटन विभाग की अपर निदेशक पूनम चंद ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के जरिए पर्यटन स्थलों का बेहतर प्रबंधन किया जा सकता है। इससे प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के साथ पर्यटन गतिविधियों को अधिक व्यवस्थित और टिकाऊ बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने पर्यटन क्षेत्र में तकनीक के प्रभावी उपयोग की संभावनाओं पर जोर दिया। ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. नरपिंदर सिंह ने भी प्रतिभागियों को संबोधित किया।

तीन टीमों ने हासिल किए शीर्ष स्थान

प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल करने वाली वर्क्स लोकली टीम में अर्चिता दयाल, वैशावी अवस्थी, वंश गोयल और आयुष रॉय शामिल रहे। वांडरर्स टीम के चिराग शर्मा, वेदांत बुडाकोटी, आयुष नवानी और देबाद्रिता दास ने दूसरा स्थान हासिल किया। कोडिंग निन्जाज टीम के हर्ष इंदरवाल, पीयूष बत्रा, प्रतीक दीक्षित और जीवन सिंह तीसरे स्थान पर रहे। वहीं, टेक्नोट्रॉनिक्स टीम के अगस्त्य पुरोहित, चिन्मय चौधरी, आशुतोष चंद और सार्थक थपलियाल को अपनी प्रस्तुति के लिए बेस्ट पिच अवॉर्ड दिया गया।

पर्यटन में तकनीकी नवाचार को बढ़ावा

24 घंटे तक चली इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों को पर्यटन क्षेत्र से जुड़ी चुनौतियों के लिए AI आधारित समाधान विकसित करने का अवसर मिला। आयोजन का उद्देश्य तकनीकी नवाचार, रचनात्मक सोच और समस्या समाधान की क्षमता को बढ़ावा देना रहा।

हैकाथॉन का आयोजन ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी के डिपार्टमेंट ऑफ हॉस्पिटैलिटी मैनेजमेंट और टेक्नोलॉजी बिजनेस इन्क्यूबेटर (TBI) ने संयुक्त रूप से किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *