माया देवी विश्वविद्यालय में ‘नवदिशा’ डांडिया नाइट की धूम, प्रियंका नेगी के गीतों पर झूमे विद्यार्थी

देहरादून। माया देवी विश्वविद्यालय में नवरात्रि के अवसर पर ‘नवदिशा’ डांडिया नाइट का भव्य आयोजन किया गया। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों, संगीत और डांडिया की थाप से पूरा परिसर उत्सवमय हो उठा। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बॉलीवुड गायिका प्रियंका नेगी की शानदार प्रस्तुति रही, जिस पर विद्यार्थी और विश्वविद्यालय परिवार के सदस्य जमकर झूमे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं माया देवी एजुकेशन फाउंडेशन की चेयरपर्सन श्रीमती प्रभा जुयाल, विश्वविद्यालय के प्रेसिडेंट श्री एम. एल. जुयाल, वाइस प्रेसिडेंट प्रो. (डॉ.) तृप्ति जुयाल सेमवाल और वाइस चांसलर प्रो. (डॉ.) आशीष सेमवाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

प्रियंका की प्रस्तुतियों ने बांधा समां

बॉलीवुड गायिका प्रियंका नेगी ने आमंत्रित करने के लिए विश्वविद्यालय प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए अपनी प्रस्तुति की शुरुआत ‘ढोली तारो ढोल बाजे’ गीत से की। इसके बाद उन्होंने ‘राधा कैसे न जले’, ‘याद पिया की आने लगी’, ‘मैंने पायल है छनकाई’, ‘सवारी सूरत मोहनी मूरत’ और ‘उड़ी चली जाए’ सहित कई लोकप्रिय गीत प्रस्तुत किए। उनकी ऊर्जावान प्रस्तुतियों पर विद्यार्थियों ने डांडिया और नृत्य के साथ उत्साहपूर्वक भागीदारी की।

पारंपरिक वेशभूषा में विद्यार्थियों ने आकर्षक डांडिया नृत्य प्रस्तुत कर भारतीय संस्कृति और परंपराओं की झलक पेश की।

सांस्कृतिक मूल्यों पर दिया जोर

मुख्य अतिथि श्रीमती प्रभा जुयाल ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान बढ़ाने के साथ आपसी सौहार्द और एकता को मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी को नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं।

प्रेसिडेंट श्री एम. एल. जुयाल ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, संस्कारों और सांस्कृतिक चेतना का विकास करना भी है।

वाइस प्रेसिडेंट प्रो. (डॉ.) तृप्ति जुयाल सेमवाल ने सांस्कृतिक गतिविधियों को विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, रचनात्मकता और आत्मविश्वास के लिए महत्वपूर्ण बताया। वहीं, वाइस चांसलर प्रो. (डॉ.) आशीष सेमवाल ने कहा कि ऐसे आयोजन टीम भावना, सहयोग और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में सहायक होते हैं।

कार्यक्रम में रजिस्ट्रार श्रीमती अंबिका जुयाल, डीन एकेडमिक्स प्रो. (डॉ.) आर. बी. सिंह, बीएड प्रिंसिपल डॉ. सीता जुयाल सहित विभिन्न स्कूलों के प्रिंसिपल, डीन, शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *