– 17 राज्यों के कैडेट्स के बीच दिखाई प्रतिभा
– कई चरणों की कठिन चयन प्रक्रिया पार कर राष्ट्रीय कैंप तक बनाई पहुंच
देहरादून। राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल (एसबीपीएस) के दो एनसीसी कैडेट्स ने उत्तराखंड का मान बढ़ाया है। विद्यालय के कक्षा 10 के कैडेट सूर्यकिरण पटियाल और कैडेट आरुषि रांगड़ ने दिल्ली में आयोजित प्रतिष्ठित ऑल इंडिया थल सैनिक कैंप (टीएससी) में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व किया। देश के 17 राज्यों के कैडेट्स की भागीदारी वाले इस कैंप तक पहुंचना दोनों विद्यार्थियों के लिए बड़ी उपलब्धि रही।
महानिदेशालय राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के तत्वावधान में सितंबर में आयोजित इस राष्ट्रीय कैंप में विभिन्न राज्यों के एनसीसी निदेशालयों से चयनित प्रतिभाशाली कैडेट्स ने हिस्सा लिया। एसबीपीएस के दोनों कैडेट्स ने जूनियर डिवीजन-जूनियर विंग (जेडी-जेडडब्ल्यू) की फायरिंग (ग्रुपिंग) स्पर्धा में प्रतिभाग कर निशानेबाजी में अपनी दक्षता का प्रदर्शन किया।
राष्ट्रीय कैंप में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करने तक का सफर दोनों कैडेट्स के लिए चुनौतीपूर्ण रहा। इसके लिए उन्हें चयन प्रक्रिया के कई कठिन पड़ाव पार करने पड़े। सबसे पहले इंटर बटालियन प्रतियोगिता (आईबीसी), इसके बाद इंटर ग्रुप प्रतियोगिता, प्री-1 और प्री-2 कैंप तथा रुड़की में आयोजित थल सैनिक कैंप में अपनी प्रतिभा साबित करनी पड़ी। प्रत्येक चरण में बेहतर प्रदर्शन के बाद ही दोनों कैडेट्स को राष्ट्रीय स्तर के कैंप के लिए चुना गया। कैंप से लौटने पर विद्यालय प्रबंधन ने दोनों कैडेट्स का स्वागत कर सम्मानित किया। विद्यालय के प्रबंध निदेशक विपिन बलूनी ने उनकी उपलब्धि की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि एनसीसी विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इस तरह के राष्ट्रीय आयोजनों में भागीदारी विद्यार्थियों को अपनी क्षमताएं पहचानने और उन्हें निखारने का अवसर देती है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य पंकज नौटियाल और एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर (एएनओ) रीना भंडारी ने भी दोनों कैडेट्स को बधाई दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करना गर्व की बात है। दोनों विद्यार्थियों की उपलब्धि विद्यालय के अन्य कैडेट्स के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और उन्हें भी अनुशासन, समर्पण और मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करेगी।