राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता के लिए सोशल बलूनी अकादमी के 10 मुक्केबाज चयनित

– 22 से 25 अक्टूबर तक पिथौरागढ़ में होगी प्रतियोगिता

– सब जूनियर और जूनियर वर्ग में दम दिखाएंगे खिलाड़ी

देहरादून। उत्तराखंड राज्य स्तरीय आमंत्रण बॉक्सिंग प्रतियोगिता के लिए सोशल बलूनी बॉक्सिंग अकादमी, देहरादून के 10 मुक्केबाजों का चयन हुआ है। देहरादून में आयोजित जिला स्तरीय ट्रायल में शानदार प्रदर्शन के बाद इन खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में अपनी जगह बनाई है। चयनित खिलाड़ी 22 से 25 अक्टूबर तक पिथौरागढ़ में होने वाली प्रतियोगिता में दमखम दिखाएंगे।

खेल निदेशालय, उत्तराखंड और उत्तराखंड बॉक्सिंग संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाली यह प्रतियोगिता श्री सुरेंद्र सिंह वल्दिया स्पोर्ट्स स्टेडियम, पिथौरागढ़ में होगी। अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक प्रदीप कुमार ऐरी ने बताया कि जिला स्तरीय ट्रायल 17 अक्टूबर को देहरादून के परेड ग्राउंड स्थित बॉक्सिंग हॉल में आयोजित किया गया था। इसमें अकादमी के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए चयन हासिल किया।

सब जूनियर और जूनियर वर्ग में चयन

सब जूनियर बालक वर्ग (जन्म वर्ष 2012-13) में महावीर चरण, अंश रावत, आरव मेहरा, आरुष मेहरा और लविश सोनी का चयन हुआ है। वहीं, जूनियर बालक वर्ग (जन्म वर्ष 2010-11) में अद्वित्य कंडारी, गौरव सिंह राणा, कृष्णा सिंह और प्रिंस चंद ने जगह बनाई है। जूनियर बालिका वर्ग (जन्म वर्ष 2010-11) में वंशिका चरण का चयन हुआ है।

मेहनत और अनुशासन का परिणाम है खिलाड़ियों का चयन

सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल के निदेशक विपिन बलूनी और प्रधानाचार्य पंकज नौटियाल ने सभी चयनित खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों का चयन उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और अकादमी के ‘शक्ति, अनुशासन और गौरव’ के मूल मंत्र का परिणाम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी खिलाड़ी पिथौरागढ़ में भी बेहतर प्रदर्शन कर देहरादून और अकादमी का नाम रोशन करेंगे तथा राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पदक जीतकर लौटेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *