Uttarakhand Weather Update: 15-16 अक्टूबर को बारिश, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 15 और 16 अक्टूबर को प्रदेश के गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के विभिन्न जनपदों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, ऊंचाई वाले पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं। मौसम में बदलाव से पहाड़ों में ठंड बढ़ने और तापमान में गिरावट आने की संभावना जताई गई है।

मौसम निदेशक डॉ. सीएस तोमर के अनुसार, 14 और 15 अक्टूबर को देहरादून, नैनीताल और हरिद्वार समेत कुछ मैदानी जनपदों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, 15 अक्टूबर को गढ़वाल मंडल और 16 अक्टूबर को कुमाऊं मंडल के कुछ जनपदों में बारिश की संभावना है।

उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में भी बदलेगा मौसम

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 16 अक्टूबर को उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जनपदों में भी बारिश देखने को मिल सकती है। पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश के बाद तापमान में गिरावट आने से ठंड का असर बढ़ने की संभावना है। डॉ. तोमर ने बताया कि 14 अक्टूबर को 3,800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। वहीं, 15 और 16 अक्टूबर को 3,500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ गिरने की संभावना है।

मौसम में इस बदलाव का असर खासतौर पर ऊंचाई वाले पर्वतीय क्षेत्रों में देखने को मिल सकता है। ऐसे में पहाड़ों की यात्रा करने वाले लोगों को मौसम के पूर्वानुमान पर नजर रखने की सलाह दी जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *