देहरादून। देहरादून स्थित मंगला देवी इंटर कॉलेज में रविवार को अशासकीय विद्यालयों के प्रबंधकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अशासकीय विद्यालयों के संचालन में आ रही विभिन्न समस्याओं पर चर्चा करते हुए उनके समाधान के लिए अशासकीय विद्यालय प्रबंधक एसोसिएशन देहरादून का पुनर्गठन किया गया।
बैठक में सर्वसम्मति से निजी कॉलेज एसोसिएशन उत्तराखंड के अध्यक्ष डॉ. सुनील अग्रवाल को एसोसिएशन का संरक्षक निर्वाचित किया गया। वहीं संजीव विरमानी को अध्यक्ष, राधे श्याम पैन्यूली को उपाध्यक्ष, लोकेश बहुगुणा को सचिव, नूर अहमद को सहसचिव तथा वी.एस. चौधरी को कोषाध्यक्ष चुना गया। कार्यकारिणी सदस्य के रूप में शिव सिंह, सुरेश कुमार अरोड़ा, बाबू सिंह चौहान, दीपक सैनी एवं दिगंबर प्रसाद जैन को चुना गया। चुनाव अधिकारी राजेश चंद्र शर्मा एवं महावीर सिंह मेहता ने संगठन के प्रांतीय संरक्षक चंद्र मोहन पयाल तथा चुनाव पर्यवेक्षक एवं प्रांतीय उपाध्यक्ष उत्तम सिंह नेगी की देखरेख में सभी पदों पर सर्वसम्मति से निर्वाचन की घोषणा की। प्रांतीय संरक्षक चंद्र मोहन पयाल ने सभी निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए संगठन के नवनिर्वाचित संरक्षक डॉ. सुनील अग्रवाल से अपेक्षा की कि वे उच्च शिक्षा के अपने अनुभवों के आधार पर अशासकीय विद्यालय प्रबंधक एसोसिएशन देहरादून को आवश्यक दिशा-निर्देश देते रहेंगे। साथ ही शासन-प्रशासन के समक्ष विद्यालयों से संबंधित विभिन्न मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
डॉ. सुनील अग्रवाल ने सदन को विश्वास दिलाया कि वे अशासकीय विद्यालयों की समस्याओं के समाधान के लिए शासन-प्रशासन से वार्ता कर हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि अशासकीय विद्यालयों के प्रबंधकों के आत्मसम्मान एवं गरिमा को पुनर्स्थापित करते हुए इन विद्यालयों के विकास में अपना योगदान देते रहेंगे। डॉ. अग्रवाल ने कहा कि अशासकीय विद्यालय सरकार के शिक्षा प्रदान करने के कार्य में अपने स्वयं के संसाधनों से महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं, लेकिन सरकार की ओर से उन्हें अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि अशासकीय विद्यालयों में छात्र संख्या बढ़ाने के लिए विद्यालय प्रबंधकों को अपने स्तर पर भी प्रभावी प्रयास करने होंगे, क्योंकि इस दिशा में सरकारी प्रयास अपेक्षित परिणाम देने में सफल नहीं हो रहे हैं।
बैठक में जनपद देहरादून के 45 अशासकीय विद्यालयों के प्रबंधक उपस्थित रहे। चुनाव प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में मंगला देवी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य सुभाष चंद्र एवं उनके समस्त स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।