देहरादून। सप्ताहांत की छुट्टी के चलते एक्सपो में परिवारों की भीड़ उमड़ी। एक्सपो में टाइल्स, मार्बल, दरवाजे-खिड़कियां, फर्नीचर और सौर ऊर्जा से जुड़े उत्पादों के विभिन्न स्टॉल लगाए गए हैं। लोगों ने स्टॉलों पर पहुंचकर उत्पादों की गुणवत्ता, कीमत और उपलब्ध विकल्पों की जानकारी ली। भवन निर्माण से लेकर घर की साज-सज्जा तक से जुड़े उत्पादों को लेकर लोगों में खासा उत्साह नजर आया।
एक्सपो के दूसरे दिन देहरादून के महापौर सौरभ थपलियाल ने पैनल चर्चा में हिस्सा लेने के साथ विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन स्थानीय उत्पादों और कारोबार को बढ़ावा देने के साथ प्रधानमंत्री के ‘वोकल फॉर लोकल’ के मंत्र को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे एक्सपो उद्योग और व्यापार को गति देने के साथ प्रदेश की संस्कृति और स्थानीय विशेषताओं को भी बेहतर मंच प्रदान करते हैं।
पैनल चर्चा में अमित गर्ग, के.एस. चौहान, कुनाल शमशेर मल्ला, हरजीत सिंह, नितिन मेहता, अभिषेक तिवारी, अनिल शर्मा, दीपक गैरोला, सौरभ थपलियाल, डॉ. गौरव गोयल, ममता पांगती, विनय सिंह, नवीन पिरशाली और डी.के. सिंह मौजूद रहे। इस मौके पर विभिन्न परिवारों ने विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण कर भवन निर्माण, इंटीरियर और घरेलू साज-सज्जा से जुड़े उत्पादों की जानकारी ली। आयोजकों के मुताबिक एक्सपो में आने वाले लोगों की रुचि खास तौर पर घर निर्माण और आधुनिक साज-सज्जा से जुड़े उत्पादों में दिखाई दे रही है।