देहरादून। “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस जल्दी आना” के जयघोष के साथ ग्राफिक एरा में पांच दिवसीय गणेश उत्सव का भावपूर्ण समापन हुआ। छात्रों और शिक्षकों ने नम आंखों से गणपति बप्पा को विदाई दी।
ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी में आयोजित गणेश उत्सव के अंतिम दिन विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने विधिवत पूजा-अर्चना और आरती में भाग लिया। इसके बाद ढोल-नगाड़ों की थाप पर छात्र-छात्राओं ने जमकर नृत्य किया और गीत गाए। उत्सव के दौरान परिसर में उल्लास और उमंग का माहौल बना रहा। कहीं छात्र-छात्राएं खुशी से झूमते नजर आए, तो कहीं एक-दूसरे पर गुलाल उड़ाकर उत्सव की खुशियां साझा करते दिखे। “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस जल्दी आना” के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा। रंगों और उमंग से भरे माहौल के बीच छात्र-छात्राओं ने भावुक मन से गणपति बप्पा को विदाई दी। इसके बाद श्रीगणेश की प्रतिमा को प्रेमनगर स्थित नदी में विधि-विधान के साथ विसर्जित किया गया।